April 17, 2026

फर्रुखाबाद: मोबाइल टावर पर “आई लव मोहम्मद” का झंडा, दीवारों पर लिखे नारे, इलाके में तनाव

नसरतपुर गांव में अराजक तत्वों की हरकत, सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश, पुलिस जांच में जुटी

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में अराजक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है। थाना कमालगंज क्षेत्र के नसरतपुर गांव में मोबाइल टावर पर “आई लव मोहम्मद” लिखा हुआ झंडा फहरा दिया गया। यही नहीं, दीवारों पर भी विवादित नारे पेंट कर दिए गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात कुछ अज्ञात लोगों ने मोबाइल टावर पर चढ़कर झंडा फहराया और गांव की दीवारों पर नारे लिख दिए। सुबह होते ही यह दृश्य देखकर लोग भड़क उठे और इसकी जानकारी पुलिस को दी। घटना के बाद से गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत और अफवाहों का माहौल बना हुआ है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर झंडे को हटवा दिया और दीवारों पर लिखे विवादित नारे मिटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पूरी घटना माहौल बिगाड़ने की साजिश है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की भी जांच कर रही है ताकि दोषियों की पहचान की जा सके और जल्द गिरफ्तारी हो। इस घटना से गांव और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!