इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी दो टेस्ट से पहले टीम इंडिया में बड़ा बदलाव, अंशुल कंबोज को मिला मौका
भारतीय क्रिकेट टीम के लिए मैनचेस्टर टेस्ट से पहले एक बड़ी खबर सामने आई है। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह चोट के चलते चौथे टेस्ट से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह अब 24 वर्षीय युवा गेंदबाज़ अंशुल कंबोज को टीम इंडिया में शामिल किया गया है। अंशुल को ये मौका ऐसे वक्त पर मिला है जब उन्होंने हाल ही में इंग्लैंड में इंडिया ए की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया था।
अर्शदीप सिंह को बॉलिंग हैंड में नेट प्रैक्टिस के दौरान चोट लग गई थी। साई सुदर्शन के एक शॉट को रोकते समय उनके हाथ में गहरा कट लग गया, जिसकी वजह से उन्हें टांके लगाए गए हैं। बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार, उन्हें कम से कम 10 दिनों का आराम चाहिए, इसलिए मैनचेस्टर टेस्ट में उनकी गैरहाजिरी तय मानी जा रही है। अर्शदीप की जगह अब अंशुल कंबोज को मौका दिया गया है।
अंशुल कंबोज ने इंग्लैंड दौरे पर इंडिया ए टीम के लिए दो तीन दिवसीय मैचों में हिस्सा लिया था। इन मैचों में उन्होंने 131 रन देकर 5 विकेट लिए और बल्लेबाज़ी में भी 76 रन बनाए। उनकी रफ्तार, सटीक लाइन-लेंथ और निरंतरता ने टीम मैनेजमेंट का ध्यान खींचा, जिससे उन्हें अब सीनियर टीम में जगह मिलने का रास्ता साफ हो गया।
टीम इंडिया के लिए सिरदर्द यहीं खत्म नहीं होता। अर्शदीप के साथ-साथ एक और तेज गेंदबाज आकाश दीप की फिटनेस भी चिंता का विषय बनी हुई है। आकाश दीप ग्रोइन इंजरी से जूझ रहे हैं और मैनचेस्टर टेस्ट से पहले नेट सेशन में उन्होंने गेंदबाज़ी नहीं की, जिससे उनके खेलने पर भी सस्पेंस बरकरार है।
ऐसे में टीम इंडिया के तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण को लेकर मैनचेस्टर टेस्ट से पहले कई सवाल खड़े हो गए हैं। अंशुल कंबोज के पास अब खुद को साबित करने का एक बड़ा मौका है और यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वह इस मौके को भुनाकर टीम इंडिया में अपनी स्थायी जगह बना पाते हैं या नहीं।
Share this content:
