देशभर में ईद-उल-फितर की धूम, नेताओं ने दी बधाइयां, समाज में सद्भाव और भाईचारे का संदेश
नई दिल्ली: देशभर में आज ईद-उल-फितर का त्योहार बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री ने देशवासियों को ईद की बधाई दी और इस पर्व को समाज में भाईचारे, करुणा और सद्भाव की भावना को मजबूत करने का अवसर बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट में लिखा, “ईद-उल-फ़ितर की बधाई। यह त्योहार हमारे समाज में आशा, सद्भाव और दयालुता की भावना को बढ़ाए। आपके सभी प्रयासों में खुशी और सफलता मिले, ईद मुबारक!” पीएम मोदी ने इस मौके पर रमजान के पाक महीने के बाद ईद के पर्व की महत्ता को भी रेखांकित किया, जिसे मुसलमानों के लिए एक खास दिन माना जाता है। रविवार को देश में ईद का चांद दिखाई दिया था, जिसके बाद सोमवार को यह पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी ईद-उल-फितर के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘X’ पर लिखा, “ईद-उल-फितर के मुबारक मौके पर सभी देशवासियों, विशेष रूप से मुस्लिम भाइयों और बहनों को बधाई। यह त्योहार भाईचारे की भावना को मजबूत बनाता है तथा करुणा-भाव और दान की प्रवृत्ति को अपनाने का संदेश देता है। मैं कामना करती हूं कि यह पर्व सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशियां लेकर आए तथा सबके दिलों में नेकी के रास्ते पर आगे बढ़ने के जज्बे को मजबूत बनाए।”
इस विशेष अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदेशवासियों को ईद की बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा, “ईद-उल-फितर के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। इस पर्व पर सभी को सद्भाव एवं सामाजिक सौहार्द को और सुदृढ़ करने का संकल्प लेना चाहिए।”
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी प्रदेश और देशवासियों, विशेषकर मुस्लिम समुदाय को ईद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘X’ पर लिखा, “ईद के मौके पर प्रदेश एवं देशवासियों को तथा विशेषकर मुस्लिम भाई-बहनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। खुदा इस मुबारक दिन पर हम सब पर अपनी रहमतों की बारिश करें और राज्य में सुख, शांति एवं समृद्धि आए।”
ईद-उल-फितर का त्योहार एकता, भाईचारे और सामूहिक सद्भाव का प्रतीक है। इस पर्व का उल्लास देशभर में महसूस किया जा रहा है, जहां मुस्लिम समुदाय के लोग रमजान के महीने के बाद अपने परिवार और दोस्तों के साथ मिलकर इस पवित्र अवसर का जश्न मना रहे हैं। साथ ही, यह संदेश भी दिया जा रहा है कि इस दिन को अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने और समाज के हित में कार्य करने के रूप में मनाया जाए।
Share this content:
