लखनऊ: जम्मू-कश्मीर पुलिस और एटीएस ने मड़ियांव में डॉक्टर के घर मारी दबिश, यूपी में हाई अलर्ट, राम मंदिर की सुरक्षा बढ़ाई गई
दिल्ली ब्लास्ट के बाद उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। मंगलवार सुबह राजधानी लखनऊ के मड़ियांव इलाके में जम्मू-कश्मीर पुलिस, यूपी एटीएस और लखनऊ पुलिस की संयुक्त टीम ने डॉक्टर परवेज अहमद अंसारी के घर छापेमारी की। टीमें सुबह सात बजे से मौके पर मौजूद थीं, लेकिन डॉक्टर घर पर नहीं मिला। अलीगंज के एसीपी सैयद अरीब अहमद ने बताया कि यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से की गई थी और फिलहाल किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
इस बीच, यूपी डीजीपी ने सभी उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे हालात की समीक्षा की है। राज्य में सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। डीजीपी मुख्यालय से मिले निर्देश के बाद एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील धार्मिक स्थलों और सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं। खासकर अयोध्या के राम मंदिर की सुरक्षा और निगरानी को और कड़ा कर दिया गया है।
राज्यभर में हाई अलर्ट के मद्देनज़र लखनऊ, वाराणसी, नोएडा, कानपुर और गोरखपुर जैसे प्रमुख शहरों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए हर कदम सतर्कता के साथ उठाया जा रहा है।
Share this content:
