डीपी कॉलोनी प्राथमिक शाला में मां धर्मा देवी फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम सम्पन्न
कोंडागांव जिले की डीपी कॉलोनी स्थित प्राथमिक शाला में मां धर्मा देवी फाउंडेशन ट्रस्ट (छत्तीसगढ़) द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ट्रस्ट की प्रदेश कोषाध्यक्ष हेमलता कौशिक एवं कोंडागांव जिला अध्यक्ष गुनमती नायक ने प्रमुख रूप से सहभागिता निभाई।
वृक्षारोपण के लिए प्रदेश कोषाध्यक्ष हेमलता कौशिक के आगमन पर विद्यालय परिवार की ओर से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। स्कूल की प्रधान अध्यापिका हेमलता झा एवं शिक्षिका अनीता जी ने उन्हें श्रीफल एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस स्नेहिल सम्मान से वातावरण आत्मीयता से भर गया।
कार्यक्रम में सभी ने मिलकर विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक इस गतिविधि में भाग लिया। पौधारोपण के दौरान बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाया गया और उन्हें इन पौधों की देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी गई।
यह पहल न केवल विद्यालय को हरा-भरा बनाने की दिशा में एक कदम है, बल्कि बच्चों के भीतर प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करती है। इस आयोजन की सभी उपस्थितों ने सराहना की और मां धर्मा देवी फाउंडेशन ट्रस्ट के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें आगे के सामाजिक कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं।
फाउंडेशन द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान आने वाले समय में क्षेत्र के अन्य स्कूलों में भी जारी रहेगा, जिससे पर्यावरण और समाज दोनों को लाभ मिल सके।
Share this content:
