June 13, 2026

दिल्ली में दिनदहाड़े वारदात: गोकलपुरी में महिला की चाकू मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

नई दिल्ली: उत्तर पूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी इलाके में सोमवार सुबह बीच सड़क एक 27 वर्षीय महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोग घायल महिला को अस्पताल ले जा चुके थे।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सुबह 9:08 बजे गोकलपुरी थाने में पीसीआर कॉल आई, जिसमें जोहरीपुर पुलिया के पास एक महिला के घायल अवस्था में पड़े होने की जानकारी दी गई। पुलिस टीम जब घटनास्थल पर पहुंची, तो वहां खून के धब्बे मिले, लेकिन पीड़िता को पहले ही जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया जा चुका था।

अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि महिला के पेट में चाकू से गंभीर वार किए गए थे। तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उसे बचा नहीं सके, और इमरजेंसी वार्ड में उसकी मौत हो गई।

फॉरेंसिक और अपराध शाखा की टीमें मौके पर पहुंचकर सबूत जुटा रही हैं। वारदात की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि आरोपी की पहचान हो सके। हत्यारे तक पहुंचने के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

 

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!