May 1, 2026

दिल्ली में मानसून 2 दिन लेट पहुंचा, अब झमाझम बारिश का अलर्ट जारी

दिल्ली में मानसून का औसत आगमन 27 जून होता है, लेकिन इस बार मानसून 29 जून को पहुंचा। इसके साथ ही मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मानसून के सक्रिय होने के बाद रविवार को पूरे दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे मौसम सुहाना बना रहा।

बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या भी सामने आई। इंडिया गेट, आईटीओ, ओल्ड रोहतक रोड, पीरागढ़ी चौक, शंकर रोड, मधुबन चौक जैसे स्थानों पर यातायात प्रभावित हुआ। दिल्ली-गुरुग्राम राजमार्ग पर भी ट्रैफिक जाम की सूचना मिली। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अतिरिक्त कर्मियों को तैनात कर समस्या को कम करने की कोशिश की।

मौसम विभाग ने सोमवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें हल्की से मध्यम बारिश और बादल छाए रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

आईएमडी ने बताया कि 29 जून तक मानसून पूरे देश को कवर कर चुका है, जो 2020 के बाद पहली बार जून महीने में देशव्यापी बारिश है। इसके पहले ऐसी स्थिति 2015 और 2013 में देखी गई थी।

दिल्ली में सफदरजंग, लोधी रोड, पालम, और आया नगर जैसे इलाकों में 4.8 से 10.2 मिमी तक बारिश दर्ज हुई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार दिल्ली की वायु गुणवत्ता सूचकांक ‘संतोषजनक’ श्रेणी में है।

मौसम विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने और बारिश के दौरान सावधानी बरतने का आग्रह किया है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!