प्रधानमंत्री से 45 मिनट चली बैठक के बाद गृह मंत्री अमित शाह सहित बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात करेंगे यूपी के मुख्यमंत्री
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को दिल्ली दौरे पर रहे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अहम मुलाकात की। यह बैठक करीब 45 मिनट तक चली, जिसमें उत्तर प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, राज्य सरकार के कामकाज और आगामी रणनीतियों को लेकर गहन चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, इस मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल विस्तार और 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया।
पीएम मोदी से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि इन बैठकों के बाद उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है। पिछले लोकसभा चुनाव के बाद राज्य मंत्रिमंडल में कई पद रिक्त हो गए थे, जिसके चलते लंबे समय से विस्तार की अटकलें लगाई जा रही थीं। अब इन चर्चाओं ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है।
दरअसल, लोकसभा चुनाव 2024 के बाद उत्तर प्रदेश सरकार से जितेंद्र प्रसाद और अनूप प्रधान को केंद्र सरकार में मंत्री बनाया गया था। इसके बाद योगी मंत्रिमंडल में कई स्थान खाली हो गए। वर्तमान में उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल में 54 मंत्री हैं, जबकि संवैधानिक रूप से अधिकतम 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं। ऐसे में छह पद अब भी खाली हैं, जिन्हें भरने की प्रक्रिया तेज होती नजर आ रही है।
सीएम योगी की इस दिल्ली यात्रा को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि इस समय दिल्ली में उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद हैं। राजनीतिक गलियारों में इसे बड़े फैसलों से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार में क्षेत्रीय और जातिगत संतुलन साधने की कोशिश की जाएगी, ताकि 2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन और सरकार दोनों को मजबूती दी जा सके।
दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भारतीय जनता पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। इनमें पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल हैं। शाम के समय प्रस्तावित इन बैठकों में संगठनात्मक मुद्दों के साथ-साथ आगामी चुनावी रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है। कुल मिलाकर, सीएम योगी का यह दिल्ली दौरा उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Share this content:
