दिल्ली के मुस्तफाबाद में चार मंजिला इमारत गिरी, 4 की मौत, कई लोगों के दबे होने की आशंका
दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके के शक्ति विहार में शनिवार तड़के एक चार मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई, जिससे चार लोगों की मौत हो गई है। उत्तर-पूर्वी जिले के एडिशनल डीसीपी संदीप लांबा ने बताया कि अभी भी करीब 10 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। अब तक 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। मौके पर एनडीआरएफ, डॉग स्क्वॉड और पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं, वहीं स्थानीय लोग भी रेस्क्यू में मदद कर रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इमारत में दो पुरुष, उनकी बहुएं और उनके बच्चे रहते थे। एक बहू के तीन बच्चे हैं और दूसरी के भी तीन बच्चे हैं। इसके अलावा कुछ किराएदार भी इमारत में रह रहे थे। हादसे के बाद कई लोग लापता हैं और उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
इससे एक दिन पहले शुक्रवार को दिल्ली के कई इलाकों में तेज आंधी और बारिश हुई थी। इसी मौसम के चलते मधु विहार इलाके में एक निर्माणाधीन छह मंजिला इमारत की दीवार गिर गई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए थे। हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि दीवार गिरने की वजह तेज आंधी थी।
Share this content:
