शराबस्ती की वो रात जब एक पत्नी गायब हुई… और अगली सुबह अधजला हाथ बरामद हुआ”
उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती ज़िले से एक ऐसी सनसनीखेज़ वारदात सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। एक महिला की अचानक गुमशुदगी से शुरू हुई कहानी, अधजले शरीर के हिस्से पर खत्म होती है। आरोपी कोई और नहीं, बल्कि उसका अपना पति निकला – जिसने पहले निकाह किया, फिर भरोसा तोड़ा, और आखिर में अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी।
यह दिल दहला देने वाली घटना हरदत्त नगर गिरन्ट थाना क्षेत्र के मनवरिया दीवान गांव की है, जहां रहने वाली 27 वर्षीय महिला मुकीना उर्फ सबीना बीते मंगलवार की शाम से अचानक लापता हो गई थी। उसकी शादी करीब 5 साल पहले जब्दी गांव के रहने वाले सैफुद्दीन से हुई थी।
परिवार वालों को जब मुकीना के न मिलने की चिंता सताने लगी, तो उन्होंने सबसे पहले सैफुद्दीन से पूछा। लेकिन हैरानी की बात यह थी कि सैफुद्दीन ने कोई साफ-साफ जवाब नहीं दिया। उसने घरवालों को बताया कि वह मुकीना को इलाज के लिए लखनऊ ले गया था, लेकिन लौटते समय वह अकेला ही घर आया। यही बात मुकीना के भाई यानी सैफुद्दीन के साले को खटक गई, और उसे शक हुआ कि ज़रूर कुछ अनहोनी हो चुकी है।
संदेह गहराते देख मुकीना के भाई ने फौरन पुलिस को सूचना दी। जांच में जो खुलासा हुआ, उसने पुलिस और स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया। पुलिस को जंगल के एक हिस्से में एक अधजला हाथ बरामद हुआ। शुरुआती जांच में यही पुष्टि हुई कि यह हाथ महिला का है, और हत्या बेहद योजनाबद्ध तरीके से की गई थी।
आरोप है कि सैफुद्दीन ने अपने छोटे भाई यानी महिला के देवर के साथ मिलकर न केवल मुकीना की हत्या की, बल्कि उसके शव के टुकड़े-टुकड़े कर डाले और फिर उन्हें जलाने की कोशिश भी की। हत्या की इस वारदात ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है।
फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और बाकी अंगों की तलाश और आरोपियों की गिरफ़्तारी के प्रयास तेज़ कर दिए हैं। यह मामला न सिर्फ रिश्तों के विश्वास को तोड़ने वाला है, बल्कि यह दिखाता है कि इंसान अगर दरिंदगी पर उतर आए तो वह कितना भयावह रूप ले सकता है।
पूरे गांव में मातम पसरा है और हर कोई बस यही कह रहा है — “श्रावस्ती का सैफुद्दीन जैसा पति किसी को न मिले…”
Share this content:
