क्रिस्टियानो रोनाल्डो का नया करार: हर साल 2000 करोड़ और प्राइवेट जेट की लग्जरी, यूरोप वापसी पर लगा ब्रेक
दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल सितारों में शुमार क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने एक बार फिर अपनी लोकप्रियता और प्रतिभा का प्रमाण दिया है। उन्होंने सऊदी अरब की प्रो लीग में अल-नासर क्लब के साथ अपने अनुबंध को 2027 तक आगे बढ़ा दिया है। यह करार सिर्फ खेल से जुड़ा नहीं, बल्कि एक आर्थिक तूफान भी है—जहां हर साल उनके बैंक अकाउंट में करीब 2000 करोड़ रुपये की रकम जाएगी, साथ ही कई अन्य आलीशान सुविधाएं भी शामिल हैं।
रोनाल्डो ने इस करार की जानकारी खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। उन्होंने लिखा, “एक नया अध्याय शुरू हुआ है, वही जुनून, वही सपना। आइए मिलकर इतिहास बनाएं।” इस एक बयान ने साफ कर दिया कि यूरोपियन फुटबॉल में वापसी की तमाम अटकलों पर अब विराम लग चुका है।
कितनी बड़ी डील है रोनाल्डो की?
ब्रिटिश रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोनाल्डो को अल-नासर क्लब सालाना 178 मिलियन पाउंड यानी करीब 2000 करोड़ रुपए देगा। यही नहीं, क्लब अगर लीग खिताब जीतता है तो उन्हें 8 मिलियन अतिरिक्त बोनस मिलेगा और 24.5 मिलियन पाउंड का साइनिंग अमाउंट भी तय है। सबसे खास बात यह कि क्लब उनके लिए 4 मिलियन पाउंड के प्राइवेट जेट का खर्च भी खुद उठाएगा।
मौजूदा फॉर्म में हैं रोनाल्डो
इस डील के पीछे सिर्फ उनका नाम नहीं, उनका प्रदर्शन भी है। रोनाल्डो अल-नासर क्लब के लिए बीते सीज़न में टॉप स्कोरर रहे, उन्होंने कुल 25 गोल दागे। हालांकि क्लब सऊदी प्रो लीग का खिताब नहीं जीत सका, लेकिन रोनाल्डो की मौजूदगी ने टीम को ऊंचाइयों पर पहुंचाया। हाल ही में उन्होंने पुर्तगाल को UEFA नेशंस लीग जिताने में अहम भूमिका निभाई और वे पांच बार चैंपियंस लीग भी जीत चुके हैं। इस फॉर्म को देखते हुए संभावना है कि वे 2026 वर्ल्ड कप में पुर्तगाल के लिए अंतिम बार मैदान पर उतर सकते हैं।
युवा खिलाड़ियों को मिला नया मंच
रोनाल्डो के सऊदी लीग में बने रहने का असर सिर्फ क्लब तक सीमित नहीं रहेगा। उनके वहां होने से दुनिया भर की निगाहें अब इस लीग पर टिक गई हैं। इससे युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा, exposure और करियर के नए अवसर मिलने लगे हैं। इस करार को सिर्फ एक फुटबॉलर की डील नहीं, बल्कि सऊदी फुटबॉल के विस्तार की नई शुरुआत भी माना जा रहा है।
एक तरफ जब यूरोपियन फुटबॉल अपने सुपरस्टार्स को खोने के डर से जूझ रहा है, वहीं सऊदी प्रो लीग ने रोनाल्डो को बनाए रखकर एक बड़ा संदेश दिया है—यहां खेल, पैसा और भविष्य तीनों हैं।
Share this content:
