पति की गर्दन रेतने वाली पत्नी गिरफ्तार, शादी को लेकर चल रहा था विवाद
उत्तर प्रदेश के शामली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला ने अपने ही पति की गर्दन धारदार हथियार से काट दी। यह वारदात सदर कोतवाली क्षेत्र के सलेक विहार मोहल्ले की है। घायल पति खुर्शीद को गंभीर हालत में मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी पत्नी सुमय्या को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, खुर्शीद और सुमय्या की शादी आठ साल पहले हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं। शादी के शुरुआती पांच साल तो सामान्य गुजरे, लेकिन पिछले तीन वर्षों से उनके बीच लगातार झगड़े हो रहे थे। बताया गया है कि पति खुर्शीद तलाक लेना चाहता था, इसी को लेकर दोनों के बीच काफी तनाव था।
वारदात वाले दिन देर रात जब खुर्शीद सो रहा था, तभी सुमय्या ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गर्दन पर वार होते ही खुर्शीद लहूलुहान हो गया और चीखने-चिल्लाने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने पीड़ित के भाई की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। सीओ सिटी अमरदीप ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि घरेलू विवाद और तलाक की मांग ही हमले की मुख्य वजह रही।
Share this content:
