April 30, 2026

जमीन का झगड़ा बना खून का खेल: दौड़ाकर मारी गोली, गांव में गूंजी चीखें, परिजनों ने देखा लहूलुहान मंज़र…

उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जिले के शाहपुर गांव में रविवार की सुबह उस वक्त मातम में बदल गई जब एक मामूली ज़मीन विवाद ने खूनी रुख ले लिया। जहानागंज थाना क्षेत्र के इस गांव में पटीदारों के बीच चल रहे जमीन के विवाद ने हिंसा की भयावह शक्ल अख्तियार कर ली। देखते ही देखते बहस पहले धक्का-मुक्की में बदली, फिर गोलियों की आवाज़ से गांव दहल उठा।

विवाद की वजह थी एक सेप्टिक टैंक का निर्माण, जिसे एक पक्ष ने विवादित जमीन पर शुरू कर दिया था। इसका विरोध करने पर दूसरे पक्ष ने गुस्से में आकर फायरिंग कर दी। हैरान करने वाली बात ये रही कि आरोपी ने दो लोगों को गांव में दौड़ाकर गोली मारी। इस खौफनाक घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसमें गोलियों की आवाज़ और लोगों की चीख-पुकार सुनी जा सकती है।

गोली लगने से अभिषेक सिंह (24) और बृजमोहन (42) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घायल खून से लथपथ ज़मीन पर पड़े थे और आसपास अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) शैलेंद्र लाल ने बताया कि आरोपी फरार है, लेकिन उसकी तलाश के लिए चार टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उस पर सख्त कार्रवाई होगी।

गांव अभी भी डर और तनाव के साये में है, जबकि इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि प्रदेश में ज़मीन के मामूली विवाद कैसे जानलेवा बनते जा रहे हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!