देश में कोरोना का फिर से असर, सक्रिय मामले 4,000 के पार, 24 घंटे में 5 मरीजों की मौत
भारत में कोरोना संक्रमण के मामलों में एक बार फिर इजाफा देखा जा रहा है. पिछले 24 घंटों में कोविड-19 से 5 लोगों की मौत हुई है, जिसके साथ ही देश में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 4,026 हो गई है. स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, जिन मरीजों की मौत हुई है वे केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल से हैं और पहले से गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे.
विभिन्न राज्यों में कोरोना के सक्रिय मामलों पर नजर डालें तो केरल में 1416, महाराष्ट्र में 494, दिल्ली में 393, गुजरात में 397, कर्नाटक में 311, तमिलनाडु में 215, पश्चिम बंगाल में 372 और उत्तर प्रदेश में 138 मामले दर्ज किए गए हैं.
केरल में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग की मौत निमोनिया, ARDS, मधुमेह और उच्च रक्तचाप के कारण हुई. तमिलनाडु में 69 वर्षीय महिला, जो टाइप-2 डायबिटीज और पार्किंसंस से पीड़ित थी, वायरस के कारण दम तोड़ गई. वहीं पश्चिम बंगाल में 43 वर्षीय महिला की मौत एक्यूट किडनी फेलियर और सेप्टिक शॉक जैसी समस्याओं के चलते हुई.
महाराष्ट्र में कोविड से दो और मौतें दर्ज की गई हैं—एक कोल्हापुर और दूसरी सातारा में. दोनों मरीज अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रसित थे. राज्य में सोमवार को 59 नए कोविड केस मिले, जिनमें मुंबई में अकेले 20 मामले सामने आए. राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या अब 873 हो चुकी है, जिनमें 483 मरीज सिर्फ मुंबई में हैं.
तेजी से फैल रहा नया सब-वेरिएंट NB.1.8.1
कोरोना के मामलों में इस उछाल की वजह नया ओमिक्रॉन सब-वेरिएंट NB.1.8.1 माना जा रहा है. ICMR के मुताबिक यह नया स्ट्रेन बेहद तेजी से फैलता है और अत्यधिक म्यूटेशन वाला है, हालांकि इसके लक्षण हल्के हैं. आमतौर पर संक्रमितों में बुखार, खांसी, गले में खराश, थकान, सिरदर्द, शरीर में दर्द, नाक बहना और भूख में कमी जैसे लक्षण देखे जा रहे हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि यह सब-वेरिएंट मौसमी फ्लू जैसा है, लेकिन बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों के लिए खतरा बन सकता है.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों से सतर्कता बरतने, भीड़भाड़ से बचने और यदि संभव हो तो मास्क पहनने की सलाह दी है. कोविड वैक्सीनेशन के बूस्टर डोज़ को लेकर भी फिर से जागरूकता बढ़ाने की जरूरत जताई जा रही है.
Share this content:
