चेन्नई: सुहागरात पर दुल्हन पर हमला, पति ने हथौड़े से किया वार
तमिलनाडु के चेन्नई से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां सुहागरात के दिन एक दुल्हन पर उसके ही पति ने जानलेवा हमला कर दिया। दूल्हे ने सुहागरात पर अपनी दुल्हन से एक मांग की, जिसे दुल्हन ने साफ इनकार कर दिया। इस पर गुस्साए दूल्हे ने हथौड़े से कई बार वार किए, जिससे दुल्हन खून से लथपथ होकर बेहोश हो गई।
जानकारी के मुताबिक, ऑगस्टीन जोशुआ नामक दूल्हे ने तिरुवल्लूर की 24 वर्षीय युवती से शादी की थी। यह रिश्ता मैट्रीमोनियल वेबसाइट के जरिए तय हुआ था। शादी 23 नवंबर, 2025 को हुई और पूरे रीति-रिवाज से दुल्हन को ससुराल लाया गया। पहले तो परिवार में खुशियां थीं, लेकिन जैसे ही दूल्हा और दुल्हन कमरे में गए, हालात भयावह हो गए।
दुल्हन ने पहले कुछ दिन आपसी समझ बढ़ाने की बात कही थी, लेकिन जोशुआ शारीरिक संबंध बनाने के लिए जिद पर अड़ा रहा। जब दुल्हन ने साफ मना किया, तो गुस्से में दूल्हा दूसरे कमरे में गया और हथौड़ा लेकर लौट आया। उसने दुल्हन पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर गई। इस घटना के बाद जोशुआ भाग गया, यह सोचकर कि दुल्हन की मौत हो गई।
सुबह ससुराल वालों ने दुल्हन को बेहोश हालत में देखा और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। दुल्हन ने अपने बयान में बताया कि शादी के समय उसे दूल्हे के कई महिलाओं से संबंध होने की जानकारी नहीं थी। उसने कहा कि जोशुआ की पिछली जिंदगी में एक शादीशुदा महिला और उसके दो बच्चे भी शामिल थे।
अब दुल्हन ने जोशुआ के साथ रहने से साफ इनकार कर दिया है। घटना ने तमिलनाडु में सुरक्षा और महिला सुरक्षा के सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, और दुल्हन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। यह घटना अरेंज मैरिज में पारिवारिक और सामाजिक जिम्मेदारी की अहमियत को भी सामने ला रही है।
Share this content: