बुलंदशहर में रुपये के विवाद में दोस्त पर चाकू से हमला, युवक गंभीर रूप से घायल

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में मजदूरी के पैसों को लेकर दो दोस्तों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि एक युवक ने अपने ही दोस्त पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना कोतवाली क्षेत्र के गांव मूंडाखेड़ा की है। पीड़ित युवक अर्श ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उसने एक आम के बाग में मजदूरी की थी, जिसमें उसने अपने दोस्त को भी साथ बुलाया था। काम खत्म होने के बाद रुपये के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच मनमुटाव हो गया।

शनिवार को इस विवाद ने नया मोड़ ले लिया जब दोनों के बीच फोन पर गाली-गलौज हुई। इसके बाद आरोपी ने अर्श को मूंडाखेड़ा नहर के पास बुलाया। वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई और आरोपी ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। अर्श ने खुद को बचाने की कोशिश की, जिससे चाकू उसके हाथ पर लग गया और वह लहूलुहान हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है। अधिकारी इसे आपसी लेन-देन का विवाद मान रहे हैं, लेकिन हर एंगल से छानबीन जारी है।

Share this content:

About The Author

You may have missed