May 1, 2026

बॉलीवुड का रहस्यमयी विलेन: 34 साल पहले हुई ‘बिल्ला’ माणिक ईरानी की मौत, अब तक अनसुलझा है राज

हिंदी सिनेमा के सुपरस्टार अमिताभ बच्चन ने अपने करियर में कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं, जिनमें मर्द, शान, त्रिशूल और डॉन जैसी फिल्में शामिल हैं। इन फिल्मों में जहां बिग बी की एंग्री यंग मैन वाली छवि दर्शकों के दिलों पर छा गई, वहीं उनके सामने खड़े खलनायकों ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। इन्हीं विलेन में से एक थे माणिक ईरानी, जिन्होंने फिल्म हीरो में “बिल्ला” नाम के किरदार से खास पहचान बनाई थी। माणिक ईरानी सिर्फ खलनायक ही नहीं, बल्कि अमिताभ बच्चन के कई फिल्मों में बॉडी डबल भी रहे। लेकिन अफसोस, यह कलाकार महज़ 37 साल की उम्र में रहस्यमयी हालातों में दुनिया छोड़ गया और उनकी मौत आज भी सवालों से घिरी हुई है।

माणिक ईरानी ने 70 के दशक में फिल्मों में कदम रखा और शुरुआती दिनों में उन्हें ज्यादातर गुंडे-बदमाश के किरदार मिले। 1976 में उन्होंने कालीचरण में गूंगे विलेन का रोल किया, जो काफी चर्चित हुआ। इसके बाद वह अमिताभ बच्चन के साथ कई फिल्मों में नजर आए। शान, त्रिशूल, दीवार, नटवरलाल और डॉन जैसी फिल्मों में वह कभी विलेन के रूप में तो कभी बॉडी डबल बनकर दर्शकों के सामने आए। उनकी कद-काठी बिग बी जैसी थी, जिसके चलते वह अक्सर उनके स्टंट सीन भी किया करते थे।

दरअसल, माणिक ईरानी शुरुआत से ही स्टंटमैन बनना चाहते थे। वह दारा सिंह से बेहद प्रभावित थे और पहलवानी में भी हाथ आजमा चुके थे। स्ट्रीट बॉक्सिंग में हिस्सा लेते हुए उन पर रोहित शेट्टी के पिता और मशहूर एक्शन डायरेक्टर एम.बी. शेट्टी की नजर पड़ी। इसके बाद उन्हें फिल्मों में मौका मिला और वह धीरे-धीरे विलेन की दुनिया में स्थापित हो गए।

हालांकि, जहां माणिक को शोहरत मिली, वहीं उनकी जिंदगी का दूसरा पहलू उन्हें बर्बादी की ओर ले गया। कहा जाता है कि उन्हें शराब की लत लग गई थी, जिसने धीरे-धीरे उनका करियर और जीवन दोनों बिगाड़ दिया। 16 जून 1991 को महज 37 साल की उम्र में उनकी अचानक मौत की खबर आई। उनकी मौत के कारणों को लेकर आज भी सस्पेंस बना हुआ है। कुछ रिपोर्ट्स में इसे आत्महत्या बताया गया, कुछ ने हादसा माना और कुछ ने उनकी मौत का कारण अत्यधिक शराब सेवन बताया।

माणिक ईरानी की मौत को अब 34 साल बीत चुके हैं, लेकिन आज भी यह रहस्य बना हुआ है कि आखिर वह कैसे मरे। बॉलीवुड में उन्होंने भले ही विलेन का किरदार निभाया हो, लेकिन उनके असली जीवन का यह दुखद अंत उन्हें पर्दे के बाहर भी एक रहस्यमयी शख्सियत बना देता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!