Bihar Elections 2025: आज हो सकता है बिहार चुनाव की तारीखों का ऐलान, शाम 4 बजे चुनाव आयोग करेगा प्रेस कॉन्फ्रेंस
बिहार में विधानसभा चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। 243 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को खत्म हो रहा है। माना जा रहा है कि सोमवार शाम 4 बजे चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जा सकता है।
बिहार की सियासत में आज का दिन बेहद अहम साबित हो सकता है। सोमवार शाम 4 बजे दिल्ली के विज्ञान भवन में चुनाव आयोग प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि आयोग इसी दौरान बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा करेगा। राज्य में 243 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है। ऐसे में संविधानिक रूप से चुनाव उससे पहले कराना अनिवार्य है।
जानकारी के मुताबिक, इस बार बिहार में विधानसभा चुनाव कम चरणों में संपन्न कराए जा सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, आयोग दो चरणों में मतदान कराने पर विचार कर रहा है। शनिवार को हुई बैठक में सत्तारूढ़ एनडीए ने एक ही चरण में चुनाव कराने की मांग की, जबकि विपक्ष ने दो चरणों में चुनाव कराने का सुझाव दिया। दोनों ही पक्षों ने यह भी कहा कि मतदान छठ महापर्व के तुरंत बाद कराया जाए ताकि बाहर से लौटने वाले मतदाता भी भाग ले सकें।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग की टीम हाल ही में दो दिन के दौरे पर बिहार गई थी। इस दौरान आयोग ने राजनीतिक दलों से सुझाव लिए और अधिकारियों के साथ चुनाव तैयारियों की समीक्षा की। ज्ञानेश कुमार ने कहा था कि बिहार चुनाव को “लोकतंत्र के महापर्व” के रूप में मनाया जाएगा और राज्य में निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव कराए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि बिहार ने 22 साल बाद मतदाता सूची के ‘शुद्धिकरण’ की प्रक्रिया पूरी की है, जिसके तहत 68.5 लाख नाम हटाए गए और 21.53 लाख नए मतदाता जोड़े गए हैं।
यह चुनाव आयोग द्वारा किए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) के बाद होने वाला पहला विधानसभा चुनाव होगा। इस प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची को पूरी तरह नए सिरे से तैयार किया गया है। वर्तमान में बिहार में लगभग 7.42 करोड़ मतदाता हैं। यह चुनाव मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल का भी पहला बड़ा चुनाव माना जा रहा है।
उधर, राजनीतिक दलों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को बीजेपी की चुनाव समिति की बैठक में प्रत्याशियों और सीटों पर चर्चा हुई, जबकि इंडिया गठबंधन की बैठक तेजस्वी यादव के आवास पर हुई, जहां सीट बंटवारे पर मंथन किया गया। संभावना है कि गठबंधन अगले दो दिनों में सीट शेयरिंग का फार्मूला सार्वजनिक करेगा।
Share this content:
