April 30, 2026

भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट, गोल्ड रिजर्व में बढ़ोतरी; पाकिस्तान की हालत चिंताजनक

30 मई को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.23 अरब डॉलर घटकर 691.49 अरब डॉलर रह गया है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई। इससे पहले के सप्ताह में भंडार में 6.99 अरब डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। हालांकि गिरावट के बावजूद RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने आश्वस्त किया कि यह भंडार 11 महीने के माल आयात और 96 प्रतिशत बकाया विदेशी कर्ज चुकाने के लिए पर्याप्त है।

इस दौरान भारत के गोल्ड रिजर्व में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। स्वर्ण भंडार का मूल्य 72.3 लाख डॉलर बढ़कर 84.30 अरब डॉलर हो गया, जबकि विदेशी मुद्रा आस्तियां घटकर 584.21 अरब डॉलर रह गईं। SDR यानी विशेष आहरण अधिकार 20 लाख डॉलर घटकर 18.57 अरब डॉलर और IMF के पास आरक्षित भंडार 60 लाख डॉलर घटकर 4.39 अरब डॉलर हो गया।

वहीं, पाकिस्तान की स्थिति और भी चिंताजनक है। स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान के अनुसार, 30 मई को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 7 मिलियन डॉलर की गिरावट के साथ केवल 11.5 अरब डॉलर रह गया। कर्ज में डूबे पाकिस्तान के लिए यह गिरावट वित्तीय संकट को और गहरा कर सकती है, क्योंकि उसका भंडार पहले से ही सीमित है और अर्थव्यवस्था अंतरराष्ट्रीय सहायता पर निर्भर है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!