मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरे टी20 मैच की शुरुआत भारतीय बल्लेबाजों के लिए बेहद खराब रही। टीम इंडिया ने महज 32 रन पर अपने चार अहम विकेट गंवा दिए। पहले शुभमन गिल, फिर संजू सैमसन, और इसके बाद तिलक वर्मा व कप्तान सूर्यकुमार यादव भी पवेलियन लौट गए। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज जोश हेजलवुड और नाथन एलिस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए भारतीय बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया।
शुरुआत में शुभमन गिल को हेजलवुड ने सिर्फ 5 रन पर आउट कर भारत को पहला झटका दिया। इसके बाद संजू सैमसन 2 रन बनाकर नाथन एलिस की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। भारत ने रिव्यू भी लिया, लेकिन फैसला उसके पक्ष में नहीं गया। इसी ओवर में एलिस ने तिलक वर्मा को भी पवेलियन भेज दिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी संघर्ष किया, मगर हेजलवुड ने उन्हें इंग्लिस के हाथों कैच करवाकर भारत को चौथा झटका दे दिया।
हालांकि, इस बीच युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने आक्रामक खेल दिखाया। उन्होंने चौथे ओवर में लगातार दो चौके लगाकर रन गति बनाए रखी। दूसरे ओवर में उन्होंने बार्टलेट की गेंदों पर चौका और छक्का जड़कर पारी की तेज शुरुआत की थी। फिलहाल भारत की स्थिति मुश्किल में है और उसे बड़ा स्कोर बनाने के लिए मध्यक्रम से बेहतर साझेदारी की जरूरत है। मैच से पहले दोनों टीमों ने बेन ऑस्टिन को श्रद्धांजलि दी, जिनका हाल ही में अभ्यास के दौरान निधन हो गया था।
Share this content: