भागलपुर में दिल दहला देने वाली घटना: किराना दुकानदार ने लिखे 8 पन्नों के सुसाइड नोट
भागलपुर: बिहार के भागलपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक किराना दुकानदार ने पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने अपनी मौत से पहले 8 पन्नों का सुसाइड नोट लिखा, जिसमें अपनी पत्नी, सास, साले और साली को जिम्मेदार ठहराया। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
रोज-रोज की प्रताड़ना ने छीन ली जिंदगी
मृतक दीपक, जो बबरगंज थाना क्षेत्र के मोइद्दीनगर में किराना दुकान चलाता था, पिछले एक साल से अपनी पत्नी और ससुराल वालों की प्रताड़ना झेल रहा था। कमाई कम होने के कारण उसकी पत्नी राखी रॉय उसे आए दिन ताने मारती और मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी। हालात इतने बिगड़ गए कि राखी उसे छोड़कर मायके चली गई।
जब दीपक उसे वापस लाने के लिए झारखंड के साहिबगंज स्थित ससुराल पहुंचा, तो वहां उसकी पत्नी, सास वंदना रॉय और साले ने उसके साथ मारपीट की। दीपक ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि उसे शराबी कहा गया, जबकि वह शराब को हाथ तक नहीं लगाता था।
8 दिनों तक लिखता रहा दर्द, फिर उठा खौफनाक कदम
दीपक ने अपनी पीड़ा को डायरी में लिखना शुरू किया। उसने 1 मार्च से लेकर 9 मार्च तक लगातार अपने सुसाइड नोट में अपनी तकलीफें बयान कीं। वह लिखता रहा, अपने दर्द को पन्नों पर उतारता रहा और अंत में 9 मार्च की रात फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
सुसाइड नोट में चौकाने वाले खुलासे
पुलिस को दीपक के कमरे से एक डायरी मिली, जिसमें उसने अपने जीवन के आखिरी दिनों का हाल दर्ज किया था। सुसाइड नोट में लिखा था कि उसकी सास उसे बार-बार ताने मारती थी और कहती थी कि “तुम कमाते नहीं हो, बीवी को रखने की औकात नहीं है।”
दीपक ने यह भी लिखा कि उसकी मां की मौत भी पत्नी और सास की प्रताड़ना की वजह से हुई। वह पिछले एक साल से अवसाद में था और दो महीने से आत्महत्या की योजना बना रहा था।
क्या दीपक पहले भी आत्महत्या करने वाला था?
सुसाइड नोट की शुरुआत में 31 जनवरी की तारीख लिखी हुई थी, लेकिन उसे काटकर 1 मार्च कर दिया गया। इससे आशंका जताई जा रही है कि दीपक ने पहले 31 जनवरी को आत्महत्या करने की योजना बनाई थी, लेकिन किसी कारणवश रुक गया। आखिरकार, 9 मार्च की रात उसने मौत को गले लगा लिया।
पुलिस कर रही जांच, दोषियों पर होगी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने सुसाइड नोट को जब्त कर लिया है और मृतक के परिवारवालों से पूछताछ कर रही है।
इस दर्दनाक घटना ने भागलपुर में हलचल मचा दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दीपक की पत्नी, सास, साले और साली के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
Share this content:
