बीमा के नाम पर देशभर में 50 करोड़ की ठगी! गाजियाबाद से चला देश का सबसे बड़ा साइबर फर्जीवाड़ा
गाजियाबाद से एक हैरान कर देने वाला साइबर क्राइम सामने आया है, जिसमें वाहन बीमा के नाम पर देशभर में करीब 25,000 लोगों को ठग लिया गया। मामला तब उजागर हुआ जब ICICI Lombard के एक वरिष्ठ अधिकारी ने 8 मार्च 2025 को गाजियाबाद में बीमा ऐप में हेरफेर की शिकायत दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि यह एक संगठित गिरोह का काम था, जो पुराने कमर्शियल वाहनों के मालिकों से 15,000 से 25,000 रुपये तक प्रीमियम वसूलता था, लेकिन असल में बीमा दोपहिया वाहनों का जारी करता था, जिसकी कीमत महज़ 1,500 रुपये होती थी। बाकी पैसे आरोपी हड़प लेते थे।
इस घोटाले में दो मुख्य आरोपियों—मेरठ निवासी सरताज (51) और गाजियाबाद के दीपक ठाकुर (38)—को गाजियाबाद साइबर पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया। दोनों लाइसेंसधारी बीमा एजेंट थे और गाजियाबाद आरटीओ में सक्रिय थे। इनके खिलाफ BNS की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
अब तक अकेले गाजियाबाद के ही 128 लोग इस जाल में फंसे पाए गए हैं, जबकि पूरे देश में यह आंकड़ा एक लाख तक पहुंच सकता है। पुलिस की जांच जारी है और इस गिरोह से जुड़े और भी लोगों की तलाश की जा रही है। एडीसीपी क्राइम एंड साइबर पीयूष कुमार सिंह के अनुसार, यह भारत के सबसे बड़े बीमा फर्जीवाड़ों में से एक हो सकता है।
Share this content:
