April 17, 2026

गांव चलो अभियान के तहत बाराबंकी पहुंचे बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना

बीजेपी सरकार के आठ साल पूरे होने के उपरांत ‘गांव चलो’ अभियान के तहत पार्टी के कई नेता राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में प्रवास कर रहे हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी बाराबंकी के खासपरिया धाम मंदिर प्रांगण पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के बूथ अध्यक्षों और स्थानीय ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने वक्फ कानून को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर द्वारा लिखे गए संविधान के अंतर्गत देश की संसद को कानून बनाने का अधिकार है और बीजेपी सरकार ने वक्फ कानून लाकर गरीबों को उनका अधिकार दिलाने का कार्य किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले वक्फ की जमीनों पर घोटाले और अवैध कब्जे होते थे, लेकिन अब उन जमीनों को मुक्त कराकर गरीबों के हित में इस्तेमाल किया जाएगा।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव की PDA विचारधारा पर तीखा हमला करते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा सरकार के दौरान दलित महापुरुषों के नामों को मिटाने का काम किया गया। उन्होंने दावा किया कि बाबा साहेब अंबेडकर के नाम से चल रहे संस्थानों का नाम बदला गया और अखिलेश यादव का PDA केवल परिवारवाद है। उन्होंने कहा कि असली PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) अगर कहीं दिखता है तो वह बीजेपी के मंच पर दिखाई देता है।

भूपेंद्र चौधरी ने सपा और कांग्रेस दोनों पर दोहरे चरित्र की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि सपा नेता राणा सांगा के मामले में भी महापुरुषों का अपमान करते रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सपा नेता राम जी लाल सुमन के विवादित बयान पर अखिलेश यादव को माफी मांगनी चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी की सरकार गरीबों और वंचितों के हित में काम कर रही है और पार्टी का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!