May 1, 2026

बलूचिस्तान की जंग शहरों तक पहुँची: सुराब और मस्तुंग पर BLA का दावा, पाक सेना पर उठे सवाल

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में आज़ादी की लड़ाई एक नए और खतरनाक मोड़ पर पहुँच गई है। बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने 30 मई 2025 को हुए एक संगठित ऑपरेशन में बलूचिस्तान के सुराब और मस्तुंग शहरों पर नियंत्रण हासिल कर लिया है। BLA ने इस दावे के सबूत भी सामने रखे हैं—एक वीडियो में उनके लड़ाके सुराब के पुलिस मुख्यालय, डिप्टी कमिश्नर ऑफिस, लेवीज स्टेशन, बैंक और हाईवे को अपने कब्जे में लेते नजर आ रहे हैं। वीडियो में पाकिस्तानी झंडा हटाकर बलूच झंडा फहराते हुए भी लड़ाके दिखाई देते हैं।

इस हमले में BLA ने सुरक्षा बलों के हथियारों को कब्जे में लेने के साथ-साथ खुद की चेकपोस्ट भी स्थापित कर दी है, जिससे साफ है कि सुराब में अब पाकिस्तानी सेना और प्रशासन का कोई सीधा नियंत्रण नहीं बचा है। मस्तुंग में भी इसी प्रकार की कार्रवाई की सूचना है, हालांकि वहां की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।

इस दावे ने पाकिस्तान की सेना और जनरल असीम मुनीर की लीडरशिप पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ पाकिस्तान आर्थिक संकट, राजनीतिक अस्थिरता और बढ़ते आतंकवाद से जूझ रहा है, वहीं अब बलूच विद्रोह ने खुलेआम शहरों को निशाना बनाकर सुरक्षा एजेंसियों की कमजोरी उजागर कर दी है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह हमला पाकिस्तान की आंतरिक सुरक्षा नीति की विफलता का प्रतीक है और दर्शाता है कि बलूच आंदोलन अब सिर्फ पहाड़ी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अब शहरी इलाकों में भी पाकिस्तानी राज्य सत्ता को चुनौती देने लगा है। इससे अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान की छवि और अधिक कमजोर हो सकती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!