अयोध्या में सिंथेटिक ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, यूपी एसटीएफ ने गिरोह के सरगना समेत दो तस्कर किए गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अयोध्या में संचालित हो रही सिंथेटिक ड्रग्स की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में अंतर्राज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के सरगना समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अयोध्या निवासी मो. कयूम और गुजरात निवासी बिपिन बाबू लाल पटेल के रूप में हुई है। इनके कब्जे से करीब 812 ग्राम नशीला सिंथेटिक ड्रग्स मेफेड्रान (एमडी) और इसे तैयार करने के लिए इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में कैमिकल बरामद किए गए हैं।
दरअसल, पूर्वांचल के कई जिलों में मादक पदार्थों की तस्करी के बढ़ते मामलों को देखते हुए एसटीएफ को लंबे समय से इन अपराधियों के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। इस बीच महाराष्ट्र के ठाणे जिले की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) से यूपी एसटीएफ को इनपुट मिला कि नारकोटिक्स एक्ट में वांछित मो. कयूम अयोध्या और आसपास के इलाकों में छिपकर रह रहा है। जांच में यह भी सामने आया कि मो. कयूम महाराष्ट्र, गोवा समेत कई राज्यों में सिंथेटिक ड्रग्स तैयार कर उसकी तस्करी कर रहा था।
पुख्ता सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने अयोध्या में छापा मारकर मो. कयूम और उसके साथी बिपिन बाबू लाल पटेल को दबोच लिया। पूछताछ में इन आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अयोध्या में गुप्त तरीके से सिंथेटिक ड्रग्स तैयार करते थे और बड़े पैमाने पर महाराष्ट्र व गोवा जैसे राज्यों में सप्लाई करते थे। इस कार्रवाई से एक बड़े अंतर्राज्यीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है और एसटीएफ अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में भी जुट गई है।
Share this content:
