बारबाडोस की पिच बनी बल्लेबाज़ों का डरावना सपना, दो दिन में गिरे 24 विकेट—आज ही खत्म हो सकता है मैच!
बारबाडोस में चल रहे वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट मुकाबले ने क्रिकेट प्रशंसकों को चौंका दिया है। टेस्ट मैच के पहले दो ही दिन में कुल 24 विकेट गिर चुके हैं और अब मुकाबला तीसरे दिन समाप्त हो सकता है। बल्लेबाज़ों के लिए यह पिच किसी बुरे सपने से कम नहीं लग रही। बल्लेबाजी करना यहां इतना मुश्किल हो चुका है कि एक-एक रन के लिए जूझना पड़ रहा है।
यह मैच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के अंतर्गत खेला जा रहा है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया की टीम दक्षिण अफ्रीका से फाइनल हारने के बाद अब वेस्टइंडीज के दौरे पर है। सीरीज का पहला टेस्ट बारबाडोस में खेला जा रहा है और अभी तक हुए खेल में गेंदबाजों का ही बोलबाला रहा है।
ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए केवल 180 रन बनाए। ट्रेविस हेड ने सर्वाधिक 59 रन बनाए, जबकि अधिकांश बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। इसके बाद वेस्टइंडीज की टीम भी 190 रन पर सिमट गई, लेकिन उसने 10 रनों की मनोवैज्ञानिक बढ़त जरूर हासिल कर ली।
अब तक की स्थिति में ऑस्ट्रेलिया अपनी दूसरी पारी में 4 विकेट पर 92 रन बना चुका है। यानी टीम के पास 82 रन की बढ़त है लेकिन सिर्फ 6 विकेट शेष हैं। जिस तरह पिच पर गेंदबाज हावी हैं, यह कहना मुश्किल है कि मैच चौथे दिन तक जाएगा या नहीं। संभावना है कि मुकाबला तीसरे दिन ही समाप्त हो जाए।
गेंदबाजों के लिए स्वर्ग और बल्लेबाजों के लिए संकट बन चुकी इस पिच पर हर ओवर रोमांच से भरपूर नजर आ रहा है। सीरीज का यह पहला टेस्ट भले ही लो स्कोरिंग हो, लेकिन थ्रिल और टेंशन में किसी भी हाई स्कोरिंग मुकाबले से कम नहीं है। अब देखना यही है कि कौन सी टीम यहां बाज़ी मारती है, लेकिन इतना तय है कि बल्लेबाज़ यहां दोबारा खेलने से जरूर कतराएंगे।
Share this content:
