April 19, 2026

1 मई से बदल जाएंगे ATM और बैंकिंग ट्रांजैक्शन के नियम, जानिए कितना बढ़ेगा चार्ज और किन ग्राहकों पर होगा असर

अगर आप ATM से नियमित रूप से कैश निकालते हैं या बैलेंस चेक करते हैं, तो 1 मई 2025 से लागू होने वाले नए नियम आपके लिए अहम हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसके बाद अब दूसरे बैंक के ATM से ट्रांजैक्शन करना महंगा हो जाएगा। अब मासिक फ्री लिमिट से ज्यादा ट्रांजैक्शन करने पर ग्राहकों को ज्यादा चार्ज देना होगा। मेट्रो शहरों में जहां 5 ट्रांजैक्शन फ्री हैं, वहीं नॉन-मेट्रो क्षेत्रों में केवल 3 फ्री ट्रांजैक्शन की अनुमति है।

नए बदलावों के तहत 1 मई से कैश निकालने पर प्रति ट्रांजैक्शन चार्ज ₹17 से बढ़ाकर ₹19 कर दिया जाएगा। वहीं, बैलेंस पूछने पर ₹6 की जगह ₹7 प्रति ट्रांजैक्शन चार्ज देना होगा। ये नियम सिर्फ उन्हीं ट्रांजैक्शन पर लागू होंगे जो फ्री लिमिट से ज्यादा होंगे। इन बदलावों के पीछे ATM ऑपरेटर्स और व्हाइट लेबल कंपनियों की बढ़ती मेंटेनेंस और ऑपरेशनल लागत को कारण बताया गया है, जिसे ध्यान में रखते हुए NPCI ने इंटरचेंज फीस बढ़ाने का प्रस्ताव दिया था।

इस बदलाव का असर ग्राहकों और बैंकों पर भी दिखेगा। जो ग्राहक गैर-होम बैंक ATM का इस्तेमाल करते हैं, उन्हें अब ज्यादा शुल्क देना होगा। वहीं, छोटे बैंक जो खुद के ATM नेटवर्क पर कम और अन्य बैंकों के नेटवर्क पर ज्यादा निर्भर हैं, उनके लिए ये खर्च बढ़ सकता है। कुछ बैंक अपने अकाउंट मेंटेनेंस चार्ज भी बढ़ा सकते हैं। ऐसे में ग्राहकों को अतिरिक्त चार्ज से बचने के लिए अपने होम बैंक के ATM या डिजिटल पेमेंट विकल्पों का ज्यादा उपयोग करना चाहिए।

इसी बीच, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने भी अपने ATM ट्रांजैक्शन नियमों में बदलाव किया है, जो 1 फरवरी 2025 से लागू हो चुके हैं। सभी ग्राहकों को SBI ATM से हर महीने 5 फ्री ट्रांजैक्शन और अन्य बैंकों के ATM से 10 फ्री ट्रांजैक्शन मिलेंगे, चाहे लोकेशन कोई भी हो या खाते में कितना भी बैलेंस हो। जिन ग्राहकों का औसत मासिक बैलेंस ₹1 लाख से ज्यादा है, उन्हें अनलिमिटेड फ्री ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलेगी।

फ्री लिमिट खत्म होने के बाद SBI ATM पर हर ट्रांजैक्शन पर ₹15 + GST और दूसरे बैंक के ATM पर ₹21 + GST का चार्ज लगेगा। बैलेंस पूछने या मिनी स्टेटमेंट निकालने पर दूसरे बैंक के ATM पर ₹10 + GST देना होगा, जबकि SBI ATM पर बैलेंस पूछना अभी भी फ्री रहेगा।

साथ ही, अप्रैल 2025 से क्रेडिट कार्ड ग्राहकों को भी बदलावों का सामना करना पड़ रहा है। Axis Bank ने Vistara और Air India के मर्जर के बाद अपने Vistara क्रेडिट कार्ड के लाभों में बदलाव किया है। ये बदलाव 18 अप्रैल 2025 से रिन्युअल पर लागू हो चुके हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!