April 30, 2026

दिल्ली-NCR में बढ़ते AQI और प्रदूषण के बीच कैसे करें खुद की देखभाल, एक्सपर्ट ने बताए जरूरी टिप्स

देश के कई हिस्सों, खासकर दिल्ली-NCR, लखनऊ, पटना और मुंबई जैसे बड़े शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगातार खतरनाक स्तर पर पहुंचता जा रहा है. हवा में धूल, धुआं और जहरीले गैसों की बढ़ती मात्रा ने सांस लेना मुश्किल बना दिया है. बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों पर इसका असर और भी गंभीर रूप से देखा जा रहा है. ऐसे में विशेषज्ञों का कहना है कि हमें न सिर्फ बाहर बल्कि अपने घर के अंदर भी सेहत की सुरक्षा के लिए सावधानी बरतनी चाहिए.

लेडी हार्डिंग हॉस्पिटल के डॉक्टर एल.एच. घोटेकर बताते हैं कि प्रदूषण के दौरान घर के अंदर का वातावरण स्वच्छ रखना बेहद जरूरी है. सुबह और शाम के समय कुछ देर के लिए ही खिड़कियां खोलें ताकि ताजी हवा का संचार हो सके, लेकिन उन्हें लंबे समय तक खुला न रखें. इसके अलावा घर के अंदर एलोवेरा, स्पाइडर प्लांट और स्नेक प्लांट जैसे पौधे लगाने की सलाह दी जाती है, क्योंकि ये प्राकृतिक रूप से हवा को साफ करते हैं. एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करना भी फायदेमंद है, बशर्ते उसके फिल्टर को नियमित रूप से साफ किया जाए.

डॉ. घोटेकर के अनुसार, इस मौसम में शरीर को हाइड्रेट रखना जरूरी है. पर्याप्त पानी पीने से शरीर से हानिकारक तत्व बाहर निकल जाते हैं. खानपान में विटामिन सी, डी और ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर चीजें जैसे संतरा, आंवला, मछली और ड्राई फ्रूट्स शामिल करने चाहिए. इससे इम्यूनिटी मजबूत होती है और प्रदूषण से लड़ने की क्षमता बढ़ती है.

यदि बाहर निकलना जरूरी हो, तो N95 मास्क का इस्तेमाल करें और घर लौटने पर हाथ-मुंह अच्छी तरह धोएं. घर के अंदर धूम्रपान करने से बचें क्योंकि यह हवा को और जहरीला बना देता है. साथ ही, घर की सफाई के दौरान तेज केमिकल वाले क्लीनर का उपयोग कम करें.

एक्सपर्ट्स यह भी सलाह देते हैं कि दिन की शुरुआत हल्के व्यायाम, योग या प्राणायाम से करें, जिससे फेफड़ों की क्षमता मजबूत बनी रहे. हर्बल चाय, तुलसी काढ़ा या हल्दी वाला दूध जैसी चीजें पीना शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को और बढ़ाता है. दिवाली से पहले बढ़ते प्रदूषण के बीच ये छोटे-छोटे कदम आपकी और आपके परिवार की सेहत को सुरक्षित रखने में मदद कर सकते हैं.

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!