April 18, 2026

चीन के साथ व्यापार समझौते को लेकर आशावादी दिखे ट्रंप, टैरिफ में बड़ी कटौती की संभावना

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत के दौरान चीन के साथ एक बेहतर व्यापार समझौते की उम्मीद जताई। उन्होंने संकेत दिए कि अमेरिका चीन से होने वाले आयात पर लगाए गए टैरिफ में बड़ी कटौती कर सकता है। वर्तमान में चीन पर 245 प्रतिशत टैरिफ लागू है, जिसे घटाकर 50 से 65 प्रतिशत तक लाने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, यह संभावित कटौती चीन के साथ चल रही व्यापार वार्ता की प्रगति पर निर्भर करेगी। अमेरिकी अखबार ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन अमेरिका और चीन के बीच बढ़ते व्यापार तनाव को कम करने के लिए यह बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर रहा है।

वाइट हाउस के एक अधिकारी के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया कि यदि डील होती है तो चीन के टैरिफ को काफी कम किया जा सकता है। ट्रंप ने कहा कि नए टैरिफ रेट पहले जितने ऊंचे नहीं होंगे और यह 245% के आसपास भी नहीं रहेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि चीन कोई डील नहीं करता, तो अमेरिका अपने हिसाब से आगे बढ़ेगा। ट्रंप ने यह भी कहा कि हम चीन के साथ एक ‘उचित और बेहतर’ डील करने जा रहे हैं, हालांकि बातचीत अभी जारी है। गौरतलब है कि 16 अप्रैल को अमेरिका ने चीन पर 245 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की थी, जिसके बाद से दोनों देशों के बीच ट्रेड वॉर तेज हो गया है। अमेरिका ने अन्य देशों के लिए 90 दिनों के लिए टैरिफ स्थगित कर दिया था, लेकिन चीन पर लगातार सख्ती जारी रही।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!