April 21, 2026

सड़क किनारे नारियल पानी और खरबूजे का अंदाज़ा… अखिलेश यादव ने अमेठी से दी बागियों और भाजपा को खुली चुनौती

अमेठी की सड़कों पर कुछ अलग ही सियासी तस्वीर दिखी, जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अचानक एक नारियल पानी के ठेले पर रुक गए। छोटे दुकानदार से संवाद करते हुए उन्होंने एक संदेश दे डाला—और इसी सामान्य से दिखने वाले दृश्य ने प्रदेश की सियासत में हलचल पैदा कर दी।

 

अपने एक दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंचे अखिलेश यादव ने पहले नारियल पानी पिया और फिर फेसबुक पोस्ट में लिखा कि छोटे दुकानदारों और स्थानीय कारोबारियों को आगे बढ़ाकर ही ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी का सपना साकार किया जा सकता है। उन्होंने इशारों-इशारों में भाजपा की नीतियों पर भी हमला बोला और इसे बड़े व्यापारिक घरानों को लाभ पहुंचाने वाला करार दिया।

 

भाजपा पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि निवेशकों से भाजपा के एजेंट पहले ही एडवांस में कमीशन मांग रहे हैं। यही नहीं, अधिकारियों के तबादले के बाद पुराने टेंडर भी रद्द किए जा रहे हैं, जिससे विकास कार्यों में रुकावटें आ रही हैं।

 

अखिलेश यादव ने अपने दौरे के दौरान सपा के बागी नेताओं पर भी सीधा निशाना साधा। उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन तंज कसते हुए कहा कि जो लोग सिद्धांतों से भटक जाते हैं, वो न तो जनता की सेवा कर पाते हैं और न ही खुद को राजनीति में लंबे समय तक टिकाए रख पाते हैं।

 

एक और दिलचस्प क्षण तब सामने आया जब वे फल की एक दुकान पर रुके और खुद अपने हाथ से खरबूजे का वजन परखने लगे। इस पूरे दृश्य का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

 

अखिलेश यादव का यह दौरा न केवल अमेठी में संगठन को मज़बूत करने का प्रयास माना जा रहा है, बल्कि यह संदेश भी दे गया कि सपा अब ज़मीनी मुद्दों को लेकर जनता के बीच सक्रिय हो चुकी है और भाजपा को खुली चुनौती देने के मूड में है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!