April 25, 2026

बाबा निराला की वापसी! ‘एक बदनाम आश्रम’ सीजन 3 पार्ट 2 की रिलीज डेट को लेकर बढ़ी फैंस की बेचैनी

ओटीटी की दुनिया में कई वेब सीरीज ने अपने दमदार कंटेंट से दर्शकों के बीच गहरी छाप छोड़ी है, लेकिन जब बात आती है प्रकाश झा निर्देशित और बॉबी देओल अभिनीत ‘एक बदनाम आश्रम’ की, तो फैंस की दीवानगी अलग ही स्तर पर नजर आती है। इस सीरीज का तीसरा सीजन दर्शकों के बीच खूब पसंद किया गया, और अब सबकी निगाहें सीजन 3 पार्ट 2 पर टिकी हुई हैं। हाल ही में इसका टीजर रिलीज किया गया, जिसने फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।

टीजर में रोमांच, रहस्य और बाबा निराला की वही धाकड़ झलक देखने को मिली, जिसकी दर्शकों को उम्मीद थी। लेकिन एक सवाल जो अब भी अनसुलझा है—वह है रिलीज डेट। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फैंस लगातार सवाल कर रहे हैं, “आखिर कब आएगा ‘एक बदनाम आश्रम’ सीजन 3 पार्ट 2?” यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर हजारों कमेंट्स में रिलीज डेट को लेकर चर्चाएं हो रही हैं।

इस बीच, बॉबी देओल ने भी अपने किरदार और शो की जबरदस्त लोकप्रियता पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “बाबा निराला का सफर मेरे लिए बेहद खास रहा है। इस बार दांव और भी ऊंचे हैं, ड्रामा और भी दमदार है, और राज पहले से ज्यादा खौफनाक हैं!”

प्रकाश झा ने इस सीजन की सफलता को लेकर कहा, “यह शो समाज का आईना है, जहां आस्था, सत्ता और शोषण के काले सच को उजागर किया गया है। इस बार ट्विस्ट और टर्न ऐसे होंगे कि दर्शक अपनी सीट से हिल भी नहीं पाएंगे!”

इस जबरदस्त क्राइम-ड्रामा में बॉबी देओल के साथ आदिति पोहनकर, चंदन रॉय सान्याल, त्रिधा चौधरी, दर्शन कुमार, विक्रम कोचर, अनुप्रिया गोयनका, राजीव सिद्धार्थ और ईशा गुप्ता भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।

अब फैंस बस एक ही सवाल कर रहे हैं—”आखिर कब होगी बाबा निराला की वापसी?”

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!