ताजमहल देखने पहुंचीं कंगना रनौत, गाइड से जाना ताजमहल का इतिहास, 45 मिनट तक किया ताज दीदार
बॉलीवुड अभिनेत्री और हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत रविवार को अपने परिवार के साथ आगरा स्थित विश्व प्रसिद्ध ताजमहल पहुंचीं। शाम करीब 3 बजे उन्होंने स्मारक में प्रवेश किया और लगभग 45 मिनट तक ताजमहल का भ्रमण किया। इस दौरान कंगना ने संगमरमर से बने इस ऐतिहासिक स्मारक की खूबसूरती को करीब से निहारा और इसकी बारीक पच्चीकारी व ऐतिहासिक महत्व के बारे में जानकारी हासिल की। ताजमहल परिसर में उनकी मौजूदगी की खबर मिलते ही प्रशंसकों और पर्यटकों की भीड़ जुट गई। फैंस अभिनेत्री की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आए। कंगना ने भी वहां मौजूद लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया।
गाइड से जाना ताजमहल का इतिहास, परिवार के साथ कराया फोटोशूट
ताजमहल भ्रमण के दौरान कंगना रनौत ने गाइड से स्मारक के निर्माण, इसके इतिहास और मुगलकालीन स्थापत्य कला से जुड़ी कई जानकारियां लीं। ताजमहल की बेमिसाल खूबसूरती और कलाकारी देखकर उन्होंने इसकी तारीफ भी की। इस दौरान उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों के साथ स्मारक परिसर में स्थित मशहूर डायना बेंच पर तस्वीरें खिंचवाईं। परिवार के सभी सदस्यों ने ताजमहल को पृष्ठभूमि में रखकर फोटो कराए। करीब 3:45 बजे कंगना अपने परिवार के साथ ताजमहल से रवाना हो गईं।
AI जनरेटेड मैप में शामिल हुआ कंगना रनौत का नाम, सोशल मीडिया पोस्ट पर दिया रिएक्शन
इस बीच कंगना रनौत सोशल मीडिया पर भी चर्चा में हैं। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से भाजपा सांसद कंगना ने हाल ही में एक वायरल सोशल मीडिया पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया दी। इस पोस्ट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से तैयार किया गया भारत की सबसे मशहूर हस्तियों का एक मैप साझा किया गया था। इस मैप में कंगना रनौत का नाम भी शामिल था। पोस्ट वायरल होने के बाद कंगना की प्रतिक्रिया को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई।
Share this content:
