ग्लोबल मंच पर चमका लखनऊ विश्वविद्यालय: ‘टाइम्स हायर एजुकेशन इंटरडिसिप्लिनरी साइंस रैंकिंग 2027’ में मिली वैश्विक पहचान

लखनऊ। उच्च शिक्षा, नवाचार और अंतर्विषयी वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में लखनऊ विश्वविद्यालय ने एक और महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि हासिल की है। प्रतिष्ठित वैश्विक रैंकिंग एजेंसी टाइम्स हायर एजुकेशन की ओर से श्मिट साइंस फेलोज़ के सहयोग से जारी इंटरडिसिप्लिनरी साइंस रैंकिंग 2027 में लखनऊ विश्वविद्यालय ने 501–600 के वैश्विक रैंक बैंड में अपनी जगह बनाई है। इस रैंकिंग में विश्वविद्यालय का समग्र स्कोर 35.7 से 38.3 के बीच रहा है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष की रैंकिंग में दुनिया के 102 देशों एवं क्षेत्रों के कुल 1,058 उच्च शिक्षण संस्थानों का मूल्यांकन किया गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली यह उपलब्धि विश्वविद्यालय में अंतर्विषयी अनुसंधान, अकादमिक सहयोग और वैज्ञानिक नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करती है।

प्रोसेस श्रेणी में सर्वाधिक 45.8 अंक, शोध के अनुकूल संस्थागत वातावरण को मिला महत्व

रैंकिंग के विभिन्न मूल्यांकन मानकों में लखनऊ विश्वविद्यालय का प्रदर्शन अलग-अलग श्रेणियों में दर्ज किया गया है। इनमें विश्वविद्यालय ने प्रोसेस श्रेणी में सर्वाधिक 45.8 अंक हासिल किए हैं। यह प्रदर्शन अंतर्विषयी अनुसंधान के लिए अनुकूल संस्थागत वातावरण, बेहतर आधारभूत संरचना और विभिन्न शैक्षणिक विषयों के बीच आपसी सहयोग को दर्शाता है। वहीं, आउटपुट्स श्रेणी में विश्वविद्यालय को 35.3 अंक मिले हैं, जो अंतर्विषयी शोध प्रकाशनों, उनकी गुणवत्ता और अकादमिक प्रतिष्ठा से संबंधित है। इसके अतिरिक्त, इनपुट्स श्रेणी में 35.2 अंक प्राप्त हुए हैं, जो अनुसंधान के लिए उपलब्ध संसाधनों और वित्तीय निवेश को प्रदर्शित करते हैं। इन तीनों प्रमुख आयामों के आधार पर विश्वविद्यालय का मूल्यांकन किया गया है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की परिकल्पना को मिल रहा बढ़ावा

लखनऊ विश्वविद्यालय की यह उपलब्धि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP 2020) के उद्देश्यों और बहुविषयक शिक्षा की अवधारणा के अनुरूप मानी जा रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति में विभिन्न विषयों के बीच समन्वय, शोध एवं नवाचार को प्रोत्साहन देने और ज्ञान सृजन के नए अवसर विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया है। अंतर्विषयी अनुसंधान के माध्यम से विज्ञान, तकनीक, सामाजिक विज्ञान और अन्य शैक्षणिक क्षेत्रों को एक मंच पर लाकर समकालीन चुनौतियों के समाधान तलाशने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय की अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में यह उपलब्धि इसी शैक्षणिक और अनुसंधानपरक दिशा में आगे बढ़ने का संकेत है।

कुलपति बोले- राज्यपाल के मार्गदर्शन और शिक्षकों, शोधार्थियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम

इस उपलब्धि पर लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसका श्रेय प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल के दूरदर्शी नेतृत्व, मार्गदर्शन और विजन के साथ विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि रैंकिंग 2027 में विश्वविद्यालय का स्थान बनाना सभी के संयुक्त परिश्रम का परिणाम है। कुलपति के अनुसार, अंतर्विषयी अनुसंधान वर्तमान समय की सामाजिक, आर्थिक, तकनीकी और पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों के बीच सहयोग से शोध के नए आयाम विकसित होते हैं और समाज के सामने मौजूद जटिल समस्याओं का प्रभावी समाधान तलाशने में मदद मिलती है।

अनुसंधान संस्कृति को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है विश्वविद्यालय

लखनऊ विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने कहा कि विश्वविद्यालय अनुसंधान की समृद्ध संस्कृति विकसित करने और अंतर्विषयी सहयोग को निरंतर प्रोत्साहित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि शिक्षण एवं शोध के क्षेत्र में नए अवसरों का सृजन हो तथा विभिन्न विषयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से विश्वविद्यालय भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अकादमिक एवं शोध संबंधी पहचान को और मजबूत करेगा।

Share this content:

About The Author

You may have missed