लखनऊ में सनसनीखेज हत्याकांड: प्रेम-प्रसंग में पति की हत्या की साजिश, छह लाख की सुपारी, पुलिस का सिपाही समेत पांच गिरफ्तार

लखनऊ। राजधानी के अलीगंज थानाक्षेत्र के पुरनिया चौराहे के पास केंद्रीय भवन के गेट के निकट 28 अक्टूबर की रात अनुराग शुक्ला को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, अनुराग की हत्या की साजिश उनकी पत्नी आशी मिश्रा और यूपी पुलिस में तैनात सिपाही नितिन राणा ने रची थी। हत्या के लिए छह लाख रुपये की सुपारी तय की गई थी।

पुलिस ने डीसीपी उत्तरी की स्वाट/सर्विलांस टीम और अलीगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मेरठ के मलियाना फाटक के पास से सिपाही नितिन राणा समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, मुख्य साजिशकर्ता आशी मिश्रा को लखनऊ से पकड़ा गया। इस तरह मामले में कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।

2022 से चल रहा था प्रेम प्रसंग

पुलिस जांच के अनुसार, नितिन राणा और आशी मिश्रा के बीच वर्ष 2022 से प्रेम संबंध थे। दोनों की मुलाकात लखनऊ की एक लाइब्रेरी में हुई थी। वर्ष 2025 में आशी की शादी अनुराग शुक्ला से हो गई, लेकिन इसके बाद भी उसका नितिन से संपर्क बना रहा। पुलिस के मुताबिक, पति से विवाद के बाद दोनों ने अनुराग को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

छह लाख में तय हुई हत्या की सुपारी

जांच में सामने आया कि नितिन राणा ने अपने परिचित मयंक वशिष्ठ उर्फ लाला, शुभम शर्मा और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। इसके लिए छह लाख रुपये की सुपारी तय की गई। पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर को आरोपियों ने लखनऊ पहुंचकर अनुराग की रेकी की और 28 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे पुरनिया चौराहे के पास उन पर फायरिंग कर दी। गोली अनुराग के दाहिने हाथ में लगी और आरोपी मौके से फरार हो गए।

सिपाही समेत पांच गिरफ्तार, एक आरोपी फरार

सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मेरठ में दबिश देकर मयंक वशिष्ठ, शुभम शर्मा, शिवम राजपूत और सिपाही नितिन राणा को गिरफ्तार किया। वहीं, आशी मिश्रा को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल मनोज राजपूत अभी फरार है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

दोबारा वारदात की बना रहे थे योजना

पूछताछ में नितिन राणा ने कथित तौर पर साजिश में अपनी भूमिका स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, सुपारी की रकम में से कुछ अग्रिम धनराशि मयंक के भाई शिवम को दी गई थी। घटना के बाद आरोपियों को दोबारा वारदात की योजना बनाने के लिए मेरठ बुलाया गया था, जहां पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने वारदात में इस्तेमाल तमंचे को रास्ते में फेंकने की बात बताई है। वहीं पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 61(2) भी बढ़ाई है। फरार आरोपी मनोज राजपूत की गिरफ्तारी और मामले में अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है।

Share this content:

About The Author

You may have missed