UP में PCS अफसरों के तबादले, लखनऊ नगर निगम और LDA में भी बदले अधिकारी, किसे क्या मिली जिम्मेदारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में फेरबदल करते हुए लखनऊ समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में तैनात कई पीसीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। जारी तबादला सूची में लखनऊ विकास प्राधिकरण, नगर निगम और जिला प्रशासन के महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत लविप्रा के सचिव सुशील प्रताप सिंह को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण भेजा गया है, जबकि अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में उप निदेशक के पद पर कार्यरत अविनाश त्रिपाठी को लखनऊ नगर निगम में अपर नगर आयुक्त बनाया गया है। इसके अलावा जिला प्रशासन और खेल निदेशालय में भी अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया गया है।

लखनऊ विकास प्राधिकरण में सचिव के पद पर तैनात सुशील प्रताप सिंह का तबादला गाजियाबाद कर दिया गया है। उन्हें गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का नया सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, भारतखंडे विश्वविद्यालय के कुलसचिव, अपर निदेशक संस्कृति निदेशालय, संयुक्त निदेशक प्रशासन और नागरिक उड्डयन निदेशालय की जिम्मेदारी संभाल रहे स्थूल कुमार को लखनऊ विकास प्राधिकरण का नया सचिव बनाया गया है। स्थूल कुमार लखनऊ विकास प्राधिकरण सचिव की जिम्मेदारी के साथ-साथ संयुक्त निदेशक प्रशासन, नागरिक उड्डयन निदेशालय का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालते रहेंगे।

नगर निगम में भी हुआ बदलाव, अविनाश त्रिपाठी को मिली जिम्मेदारी

लखनऊ नगर निगम में भी प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। यहां अपर नगर आयुक्त के पद पर तैनात पंकज श्रीवास्तव का तबादला संतकबीर नगर कर दिया गया है। उन्हें वहां अपर जिलाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पंकज श्रीवास्तव के स्थान पर उप निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण के पद पर कार्यरत अविनाश त्रिपाठी को लखनऊ नगर निगम का नया अपर नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। इस बदलाव के बाद नगर निगम में प्रशासनिक जिम्मेदारियों का नया बंटवारा होगा।

जिला प्रशासन में भी कई अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले

तबादला सूची में जिला प्रशासन के अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं। लखनऊ में एसडीएम के पद पर तैनात आकाश कुमार को बहराइच स्थानांतरित करते हुए वहां नया एसडीएम बनाया गया है। वहीं, कन्नौज में अपर जिलाधिकारी के रूप में तैनात देवेंद्र सिंह को लखनऊ बुलाया गया है। उन्हें अपर जिलाधिकारी (ट्रांस गोमती) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके तबादले को लखनऊ जिला प्रशासन में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

रामपुर के ADM आनंद कुमार सिंह को लखनऊ बुलाया गया

इसके अलावा रामपुर में अपर जिलाधिकारी के पद पर तैनात आनंद कुमार सिंह का भी तबादला किया गया है। उन्हें राजधानी लखनऊ में तैनाती देते हुए खेल निदेशालय का नया उप निदेशक (प्रशासन) नियुक्त किया गया है। शासन के इस फैसले के तहत राजधानी के प्रमुख प्रशासनिक संस्थानों से लेकर जिलों तक अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।

Share this content:

About The Author

You may have missed