डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बाढ़ राहत सामग्री से लदे ट्रकों को दिखाई हरी झंडी: जरूरतमंदों के साथ खड़े रहना ही सच्ची जनसेवा
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के 1090 चौराहा पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को लायंस इंटरनेशनल फाउंडेशन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए भेजी जा रही राहत सामग्री से लदे ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य बाढ़ से प्रभावित परिवारों तक आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाकर उन्हें कठिन परिस्थितियों में सहायता उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने फाउंडेशन के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आपदा की घड़ी में जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना मानवता, संवेदनशीलता और सेवा-भावना का प्रेरणादायी उदाहरण है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि संकट के समय जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़े रहना ही सच्ची जनसेवा है। प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों को राहत और सहायता उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे समय में सामाजिक संगठनों और सेवा संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है, क्योंकि इनके सहयोग से प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाने के प्रयासों को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि सेवा और सहयोग की भावना से किए जाने वाले कार्य समाज में करुणा, आपसी सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करते हैं। लायंस इंटरनेशनल फाउंडेशन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री भेजने की पहल सराहनीय है और इससे अन्य सामाजिक संस्थाओं को भी जनसेवा के कार्यों में आगे आने की प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम में कई गणमान्यजन रहे मौजूद
राहत सामग्री से लदे ट्रकों को रवाना किए जाने के अवसर पर विधायक नीरज बोरा, भाजपा अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री राजीव मिश्रा, लायंस इंटरनेशनल फाउंडेशन के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर परमजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह, नवीन झिंगरन, संदीप कुलश्रेष्ठ और प्रवीण कुमार सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने के लिए सामाजिक संगठनों की भूमिका और सेवा कार्यों के महत्व को रेखांकित किया गया।
Share this content:
