लखनऊ: सऊदी अरब में महिला की संदिग्ध मौत, परिजनों ने दहेज हत्या का लगाया आरोप
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की रहने वाली एक महिला की सऊदी अरब के जेद्दा शहर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव दुपट्टे से फांसी के फंदे पर लटका मिला, जिसके बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका का शव मंगलवार सुबह लखनऊ लाया गया, जिसके बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया।
मृतका की पहचान शेर अली खान की बेटी एनम खान के रूप में हुई है। एनम की शादी 10 अप्रैल 2025 को मोहम्मद आमिर खान से हुई थी। परिजनों के मुताबिक, शादी में कार समेत अन्य सामान देने के बावजूद ससुराल पक्ष लगातार दहेज की मांग कर रहा था। आरोप है कि आमिर ने इनोवा कार और 20 लाख रुपये की मांग को लेकर एनम को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। शादी के कुछ समय बाद आमिर सऊदी अरब चला गया और जून में एनम को भी जेद्दा बुला लिया गया।
परिजनों का कहना है कि जेद्दा में भी एनम को लगातार धमकियां दी जाती थीं और पैसे भेजने का दबाव बनाया जाता था। दिसंबर में एनम ने किसी अनहोनी की आशंका जताई थी, जिसके बाद उससे संपर्क टूट गया। बाद में पड़ोसियों के जरिए उसकी मौत की सूचना मिली। मृतका के पिता ने लखनऊ के चिनहट थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Share this content:
