बस्ती मेडिकल कॉलेज से जुड़े कथित धर्मांतरण के आरोपों पर हिंदू युवा वाहिनी का प्रदर्शन, डीएम और एसपी को सौंपा ज्ञापन
बस्ती जनपद में कथित धर्मांतरण के एक मामले को लेकर हिंदू युवा वाहिनी ने कड़ा विरोध जताया है। संगठन के पदाधिकारियों ने महर्षि वशिष्ठ स्वशासी मेडिकल कॉलेज, रामपुर बस्ती से जुड़े आरोपों को गंभीर बताते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की।
हिंदू युवा वाहिनी का आरोप है कि मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाले हिंदू छात्र-छात्राओं को प्रलोभन देकर धर्मांतरण के प्रयास किए जा रहे हैं। संगठन का दावा है कि स्थानीय मौलवियों के माध्यम से छात्रों को नमाज पढ़ने के बहाने कॉलेज परिसर से बाहर भेजा जा रहा है और इसी दौरान उनसे संपर्क बढ़ाकर धार्मिक प्रभाव डाला जा रहा है।
संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में बाहरी लोगों की आवाजाही हो रही है, जहां कथित तौर पर धार्मिक तालीम दी जा रही है। हिंदू युवा वाहिनी के अनुसार, यह सब योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा है ताकि छात्र-छात्राओं को धीरे-धीरे अपने प्रभाव में लिया जा सके।
ज्ञापन में कुछ चिकित्सकों और कॉलेज से जुड़े अधिकारियों की संलिप्तता का भी दावा किया गया है। साथ ही पुलिस विभाग की एलआईयू और आईबी जैसी खुफिया एजेंसियों पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा गया कि समय रहते इन गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई गई।
हिंदू युवा वाहिनी ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और मेडिकल कॉलेज परिसर में इस तरह की गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Share this content:
