नीले पड़ रहे ट्रंप के हाथ… सेहत पर उठे सवाल तो अमेरिकी राष्ट्रपति ने दिया ये जवाब
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सेहत एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गई है। हाल के दिनों में सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान उनके हाथों पर नीले निशान दिखाई देने के बाद सोशल मीडिया से लेकर अमेरिकी मीडिया तक सवाल उठने लगे। 79 वर्षीय ट्रंप इस समय अमेरिका के दूसरे सबसे उम्रदराज राष्ट्रपति हैं, ऐसे में उनकी सेहत को लेकर हर संकेत पर बारीकी से नजर रखी जा रही है।
इन अटकलों के बीच अब खुद राष्ट्रपति ट्रंप ने सामने आकर अपनी सेहत पर सफाई दी है। उन्होंने कहा है कि उनके हाथों पर दिख रहे नीले निशान किसी बीमारी, गिरने या कमजोरी की वजह से नहीं हैं, बल्कि यह रोजाना ली जाने वाली एस्पिरिन दवा का असर है। ट्रंप ने साफ शब्दों में कहा कि वह पूरी तरह फिट हैं और अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में सक्षम हैं।
द वॉल स्ट्रीट जर्नल को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि मीडिया बार-बार उनकी सेहत को मुद्दा बना रहा है, जबकि उनकी तबीयत बिल्कुल ठीक है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि उनकी हेल्थ को लेकर यह 25वीं बार चर्चा की जा रही है, जबकि इसमें कुछ भी नया नहीं है। ट्रंप के मुताबिक, वह खून को पतला रखने के लिए एस्पिरिन लेते हैं और इसी कारण हल्की चोट लगने पर भी ब्रूज जल्दी दिखने लगते हैं।
ट्रंप ने यह भी बताया कि कभी-कभी हाथ जोर से लगने या किसी से मिलते समय रिंग छू जाने से भी ऐसे निशान पड़ जाते हैं। उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक बार अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी से हाई-फाइव करते समय उनकी अंगूठी हाथ के पीछे लग गई थी, जिससे यह निशान बना। जरूरत पड़ने पर वह इन निशानों को मेकअप या पट्टी से ढक लेते हैं।
इस दौरान ट्रंप पर सार्वजनिक बैठकों में ऊंघने या सो जाने के दावों को भी उन्होंने सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि वह कभी ज्यादा सोने वाले व्यक्ति नहीं रहे हैं। कुछ तस्वीरों और वीडियो में आंखें बंद दिखने को लेकर ट्रंप ने कहा कि वह बस कुछ पल के लिए आंखें बंद कर लेते हैं, जो उन्हें आराम देता है। उनके मुताबिक, कई बार लोग पलक झपकने की तस्वीरें लेकर गलत निष्कर्ष निकाल लेते हैं।
स्वास्थ्य जांच को लेकर उठे सवालों पर ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने हाल ही में सीटी स्कैन कराया था, न कि एमआरआई। साथ ही उन्होंने यह दावा भी खारिज किया कि उन्हें सुनने में कोई परेशानी है। ट्रंप का कहना है कि वह शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह सक्षम हैं।
ट्रंप की सेहत को लेकर यह बहस ऐसे समय में तेज हुई है, जब उनके पुराने बयान भी चर्चा में हैं। अपने राजनीतिक करियर के दौरान वह पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन को कई बार “स्लीपी जो” कहकर निशाना बनाते रहे हैं। अब खुद उनकी सेहत पर उठ रहे सवालों के बीच ट्रंप का यह बयान राजनीतिक और सार्वजनिक दोनों ही स्तरों पर अहम माना जा रहा है।
Share this content:
