May 1, 2026

मुंबई: वानखेड़े स्टेडियम में फिल्मी सितारों का मेला, GOAT इंडिया टूर के दौरान लियोनल मेसी से मिलने पहुंचीं करीना कपूर और शिल्पा शेट्टी

GOAT इंडिया टूर 2025 के तहत भारत पहुंचे फुटबॉल के महान खिलाड़ी लियोनल मेसी से मिलने के लिए मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में बॉलीवुड सितारों की खास मौजूदगी देखने को मिली। शाहरुख खान के बाद करीना कपूर खान अपने दोनों बेटों के साथ मेसी से मिलने पहुंचीं।

GOAT इंडिया टूर 2025 के तहत विश्व प्रसिद्ध फुटबॉलर लियोनल मेसी इन दिनों भारत दौरे पर हैं। हैदराबाद, कोलकाता और मुंबई का दौरा कर रहे मेसी की एक झलक पाने के लिए देशभर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। जहां एक ओर फुटबॉल प्रेमी स्टेडियम और सड़कों पर मेसी के स्वागत में जुटे हैं, वहीं बॉलीवुड और खेल जगत की कई बड़ी हस्तियां भी उनसे मिलने पहुंच रही हैं।

मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में लियोनल मेसी की मौजूदगी ने माहौल को और भी खास बना दिया। यहां आम लोगों के साथ-साथ कई सेलेब्रिटीज भी नजर आए। बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान अपने दोनों बेटों तैमूर अली खान और जेह अली खान के साथ मेसी से मिलने पहुंचीं। इस दौरान तैमूर और जेह फुटबॉल जर्सी पहने नजर आए। करीना ने मेसी के साथ तस्वीरें भी क्लिक करवाईं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

करीना कपूर ने मेसी से मुलाकात से पहले अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर स्टोरी शेयर कर फैंस को इस खास पल की जानकारी दी थी। उनके अलावा अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी भी अपने पति राज कुंद्रा और बेटे वियान के साथ वानखेड़े स्टेडियम पहुंचीं। हालांकि शिल्पा की मेसी के साथ तस्वीरें अभी सामने नहीं आई हैं, लेकिन स्टेडियम से बाहर निकलते वक्त उन्हें स्पॉट किया गया।

इससे पहले कोलकाता में बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान भी अपने बेटे के साथ लियोनल मेसी से मिलने पहुंचे थे। इसके अलावा शाहिद कपूर के बच्चों समेत कई अन्य सेलेब्रिटीज के भी मेसी से मिलने की खबरें सामने आई हैं। वानखेड़े स्टेडियम में मेसी GOAT कप एग्जीबिशन मैच खेलने वाले हैं, जिसमें फिल्मी दुनिया और खेल जगत की कई नामचीन हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।

मैच के अलावा इस इवेंट में फैशन शो और ऑक्शन जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। मेसी के भारत दौरे को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। मुंबई की सड़कों पर उनके नाम के नारे गूंजते नजर आए, वहीं कई प्रशंसक मेसी के पोस्टर और जर्सी के साथ जश्न मनाते दिखे।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!