April 30, 2026

दुबई: मुस्लिम देश में खुला दुनिया का सबसे बड़ा बार, मिलती है खास गिनीज बीयर

दुबई में दुनिया का सबसे बड़ा बार खुलने की खबर चर्चा में है, क्योंकि इस्लाम धर्म में शराब हराम मानी जाती है। इसके बावजूद दुबई के जुमेराह विलेज सर्कल (JVC) में स्थित McCafferty’s JVC बार ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में जगह बना ली है। यह बार करीब 32,000 वर्ग फीट क्षेत्र में फैला है, जो लगभग आधे फुटबॉल मैदान जितना बड़ा माना जा रहा है।

ये बार दुनिया का सबसे बड़ा आयरिश बार भी है और यहां 148 से ज्यादा तरह की बियर मिलती हैं। इनमें सबसे खास है आयरलैंड की मशहूर गिनीज बीयर, जिसे दुनिया भर में काफी पसंद किया जाता है। बार की पूरी डिजाइन आयरिश संस्कृति पर आधारित है और यह सर्कल मॉल की रूफटॉप पर बना है, जहां लोग खुले आसमान के नीचे बैठकर ड्रिंक का आनंद लेते हैं।

यह बार सिर्फ शराब ही नहीं बल्कि मनोरंजन की सुविधाओं के लिए भी जाना जा रहा है। यहां लाइव म्यूजिक, स्पोर्ट्स नाइट्स, पूल टेबल, टेबल टेनिस और LED स्क्रीन जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। यह McCafferty’s की UAE में पांचवीं और दुनिया में 18वीं शाखा है, जिसमें JVC वाली शाखा सबसे बड़ी और खास मानी जा रही है।

हालांकि दुबई में शराब पीने को लेकर नियम हैं। केवल 21 साल से अधिक उम्र वाले लोग लाइसेंस के बिना भी होटल और दुकानों से शराब खरीद सकते हैं। लेकिन सार्वजनिक जगहों पर शराब पीना या नशे की हालत में घूमना अब भी अपराध है। वहीं, शराब पीकर ड्राइव करने पर जीरो टॉलरेंस नियम लागू है, जिसमें पकड़े जाने पर भारी जुर्माना और जेल की सजा भी हो सकती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!