May 3, 2026

लखनऊ: युवती के साथ होटल में रुका मेडिकल छात्र, दवा खाने के बाद हुई संदिग्ध मौत, शादी से पहले हुआ हादसा

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मड़ियांव क्षेत्र के एक ओयो होटल में मेडिकल छात्र की रहस्यमयी मौत से हड़कंप मच गया। मृतक युवक की पहचान सीतापुर निवासी फुजैल अहमद (28) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह एक युवती के साथ होटल में रुका था और वहां उसने कोई दवा खाई, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, फुजैल और युवती एक-दूसरे से प्यार करते थे और जल्द ही शादी करने वाले थे। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब दोनों की शादी तय थी, तो वे होटल में क्यों रुके। मड़ियांव थाना प्रभारी ने बताया कि युवती से पूछताछ की जाएगी और घटना के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी।

फुजैल ने चीन से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी और भारत लौटकर मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (MCI) परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वह लखनऊ के खुदरा क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था। उसके चाचा इलाल अख्तर ने बताया कि शुक्रवार शाम उन्हें सूचना मिली कि फुजैल की तबीयत बिगड़ गई है और उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने बताया कि उसकी मौत हो चुकी है।

पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज और रिकॉर्ड कब्जे में ले लिए हैं और जांच के लिए मृतक का हार्ट विसरा सुरक्षित किया गया है। शुरुआती जांच में किसी प्रकार की साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया गया है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की तहकीकात में जुटी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि फुजैल ने जो दवा खाई, क्या वही उसकी मौत का कारण बनी या इसके पीछे कोई और वजह थी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!