रोहतक: IPS केस में पूछताछ के बाद ASI संदीप लाठर ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट और वीडियो में लगाए गंभीर आरोप
हरियाणा के रोहतक जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। साइबर सेल में तैनात ASI संदीप कुमार लाठर ने आत्महत्या कर ली है। वह मूल रूप से जींद जिले के जुलाना के रहने वाले थे और पिछले कुछ सालों से परिवार सहित रोहतक में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने जुलाना स्थित पुश्तैनी मकान में खुद को गोली मारकर जान दे दी। पुलिस को मौके से चार पन्नों का सुसाइड नोट और एक वीडियो संदेश मिला है।
सुसाइड नोट में संदीप ने दिवंगत IPS वाई पूरन कुमार पर भ्रष्टाचार और यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही IPS पूरन कुमार की आत्महत्या मामले की जांच कर रही छह सदस्यीय कमेटी ने संदीप से पूछताछ की थी, जिसके बाद वह मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। सूत्रों के अनुसार, उन्हें डर था कि कहीं जांच में उनका नाम न आ जाए।
परिवार और ग्रामीणों ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि दबाव में की गई मजबूर मौत बताया है। चचेरे भाई शीशपाल ने कहा कि संदीप बेहद ईमानदार और समाजसेवी व्यक्ति थे, जो भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते थे। उन्होंने सरकार से निष्पक्ष जांच और IPS पूरन कुमार के समर्थकों पर FIR दर्ज करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने सुसाइड नोट और वीडियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि दोनों आत्महत्याओं की कड़ी अब प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।
Share this content:
