May 1, 2026

गाजा युद्धविराम पर बड़ी खबर: ट्रंप बोले– हमास अहम मुद्दों पर सहमत, मिस्र में वार्ता से बढ़ी उम्मीदें

गाजा युद्ध को खत्म करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। सोमवार को मिस्र के शर्म अल-शेख शहर में इजराइल और हमास के बीच युद्धविराम को लेकर बातचीत हुई। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान सामने आया है, जिसने उम्मीदें बढ़ा दी हैं। ट्रंप ने कहा कि हमास उनकी शांति योजना के कई अहम बिंदुओं पर सहमत हुआ है। उन्होंने संकेत दिया कि गाजा में जल्द ही युद्धविराम लागू हो सकता है।

सीएनएन से बातचीत में ट्रंप ने कहा, “मेरा मानना है कि हमास कुछ बहुत अहम बातों पर सहमत हुआ है। अगर कुछ शर्तें पूरी नहीं होतीं, तो हम आगे नहीं बढ़ेंगे, लेकिन इस वक्त हालात काफी पॉजिटिव दिख रहे हैं।” यह बयान ऐसे समय आया है जब गाजा युद्ध को दो साल पूरे हो चुके हैं। ट्रंप प्रशासन इस संघर्ष को समाप्त करने के लिए मध्यस्थता कर रहा है।

मिस्र के शर्म अल-शेख में हुई इस वार्ता में इजराइल, हमास, मिस्र, कतर और अमेरिका के प्रतिनिधि शामिल हुए। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान दोनों पक्षों ने ट्रंप की गाजा शांति योजना के कुछ प्रस्तावों पर सहमति जताई है, जिनमें बंधकों की रिहाई और मानवीय सहायता की अनुमति शामिल है। यह समझौता अगर लागू होता है, तो दो साल से जारी इस खूनी संघर्ष के अंत की शुरुआत हो सकती है।

ट्रंप ने कहा कि इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू इस समझौते को लेकर “बहुत पॉजिटिव” हैं। हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि नेतन्याहू हमास की प्रतिक्रिया से असंतुष्ट हैं। इस पर ट्रंप ने सफाई दी और कहा कि वह रिपोर्टें गलत हैं और नेतन्याहू समझौते को लेकर सहयोगी रवैया दिखा रहे हैं।

वार्ता में इजराइल की ओर से मोसाद और शिन बेट के अधिकारी, साथ ही प्रधानमंत्री के विदेश नीति सलाहकार ओफिर फाल्क और बंधक समन्वयक गाल हिर्श शामिल थे। हमास की ओर से वरिष्ठ नेता खलील अल-हय्या ने प्रतिनिधित्व किया, जो कुछ सप्ताह पहले एक इजराइली हमले में बाल-बाल बचे थे।

अमेरिका की ओर से प्रस्तावित ट्रंप शांति योजना में 20 प्वाइंट शामिल हैं। इजराइल ने इसे स्वीकार कर लिया है, जबकि हमास अभी भी कुछ शर्तों पर विचार कर रहा है। हालांकि, बातचीत के इस नए दौर से उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में गाजा में जारी हिंसा को रोकने के लिए औपचारिक युद्धविराम की घोषणा की जा सकती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!