April 19, 2026

दिल्ली: मैनेजमेंट इंस्टिट्यूट की 17 छात्राओं ने लगाया पूर्व संचालक स्वामी चैतन्यानंद पर यौन उत्पीड़न का आरोप

छात्राओं ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी, आरोपी अब भी फरार

दिल्ली के वसंत कुंज स्थित श्री शारदा इंस्टिट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट एंड रिसर्च (SIIM) से एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां की कई छात्राओं ने संस्थान के पूर्व संचालक स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती पर गंभीर यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं। छात्राओं का कहना है कि आरोपी उन्हें अश्लील मैसेज भेजता था, गंदी भाषा का इस्तेमाल करता था और कई बार जबरन छूने की कोशिश भी करता था। शिकायत के बाद वसंत कुंज (नार्थ) थाने में एफआईआर दर्ज कर दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, अब तक कुल 32 छात्राओं के बयान दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 17 छात्राओं ने स्पष्ट तौर पर आरोपी पर अभद्र हरकतों और शारीरिक छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। छात्राओं का यह भी कहना है कि संस्थान की कुछ महिला फैकल्टी और प्रशासनिक कर्मचारी उन्हें आरोपी की मांगें पूरी करने के लिए दबाव डालते थे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्टिट्यूट का CCTV फुटेज कब्जे में ले लिया है और जांच तेज कर दी है।

इसी बीच, आरोपी स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती फिलहाल फरार है। पुलिस के अनुसार, उसकी आखिरी लोकेशन आगरा में मिली थी, लेकिन दबिश के बावजूद वह हाथ नहीं आया। जांच के दौरान इंस्टिट्यूट के बेसमेंट से उसकी वोल्वो कार जब्त की गई है, जिस पर फर्जी डिप्लोमैटिक नंबर प्लेट लगी हुई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी अपने रसूख का दिखावा करने के लिए इस कार का इस्तेमाल करता था। इस मामले में फर्जी नंबर प्लेट लगाने का एक और केस दर्ज किया गया है।

शृंगेरी पीठ, जिससे यह संस्थान जुड़ा हुआ है, ने भी आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। पीठ ने बयान जारी कर बताया कि स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती (पूर्व नाम स्वामी डॉ. पार्थसारथी) के आचरण अनुचित और अवैध रहे हैं। इसी कारण उनसे पीठ के सभी संबंध समाप्त कर दिए गए हैं। पीठ ने यह भी स्पष्ट किया है कि इंस्टिट्यूट AICTE से मान्यता प्राप्त है और इसका संचालन गवर्निंग काउंसिल करती है, जिसकी अध्यक्षता वरिष्ठ शिक्षाविद् डॉ. कृष्णा वेंकटेश कर रहे हैं। काउंसिल ने छात्रों को भरोसा दिलाया है कि उनकी पढ़ाई और करियर पर किसी तरह का असर नहीं पड़ेगा।

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में BNS की धारा 75(2), 79 और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पटियाला हाउस कोर्ट में अब तक 16 छात्राओं के बयान दर्ज हो चुके हैं। पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!