परिवार ने कहा नहीं, प्रेमी जोड़े ने कहा हां, थाने में कराई शादी
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के साढ़ थाना क्षेत्र में एक अनोखी शादी का मामला सामने आया है, जहां प्रेमी जोड़े ने पुलिस चौकी में बने मंदिर में विवाह किया। तीन साल से प्रेम प्रसंग में जुड़े विकास कुशवाहा और नंदिनी कठेरिया की कहानी ने स्थानीय लोगों को चौंका दिया। पुलिस ने दोनों परिवारों को मनाकर उन्हें विवाह के लिए सहमति दिलाई और नवविवाहित जोड़े को उनके घर बसाया।
विकास और नंदिनी की मुलाकात करीब तीन साल पहले हुई थी, जब विकास अपने रिश्तेदार के घर बिधनू गया था। दोनों के गांवों की दूरी करीब 45 किलोमीटर थी, लेकिन इसके बावजूद दोनों अक्सर मिलने जुलने लगे। इस दौरान नंदिनी के घर वालों को इस संबंध की जानकारी लगी और उन्होंने इस प्रेम संबंध का विरोध शुरू कर दिया। नंदिनी को घर से बाहर जाने से रोक दिया गया और उस पर लगातार नजर रखी जाने लगी।
लेकिन नंदिनी ने चोरी-छिपे विकास से संपर्क बनाए रखा। विरोध के बावजूद दोनों का प्यार कम नहीं हुआ। धीरे-धीरे मामला गंभीर रूप लेने लगा, जब नंदिनी के परिवार ने उसे जान से मारने की धमकी भी दे दी। 13 अगस्त को नंदिनी घर से भाग कर विकास के पास पहुंच गई, और इसके बाद उसके परिवार ने पुलिस को इस बारे में सूचना दी।
पुलिस ने दोनों को थाने बुलाकर घंटों समझाया और पूछा, लेकिन दोनों ने साफ किया कि वे अपनी मर्जी से विवाह करना चाहते हैं। पुलिस ने दोनों परिवारों को मनाकर चौकी में बने शिव मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कराई। इस दौरान ग्राम प्रधान, पंडित जी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। जयमाला, मांग भराई और मंगलसूत्र जैसी रस्में संपन्न करवाई गईं।
साढ़ थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि प्रेमी जोड़ा अपनी मर्जी से शादी करना चाहता था, लेकिन लड़की के परिवार को लड़के के गैर-जाती होने की वजह से आपत्ति थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर विवाह संपन्न कराया और नवविवाहित जोड़े को परिवार सहित घर भेजा। मौके पर दोनों परिवारों ने भी नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया।
Share this content:
