बांदा में ई-रिक्शा में बैठकर महिला यात्रियों को लूटने वाली महाराष्ट्र की 4 चोरिनियां गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर की रहने वाली चार महिला चोरिनियों को गिरफ्तार किया है, जो ई-रिक्शा में बैठकर महिला यात्रियों को शातिराना तरीके से लूटती थीं। इन महिलाओं ने बांदा और आसपास के जिलों में सक्रिय होकर कई महिलाओं के गहने और नकदी चोरी की थी।
पुलिस अधीक्षक बांदा, श्री पलाश बंसल के निर्देशन में कोतवाली नगर पुलिस ने इस गैंग का पर्दाफाश किया। जानकारी के अनुसार, 11 अगस्त को अतर्रा चुंगी निवासी अनुसइया देवी ई-रिक्शा से बिजली बिल जमा करने जा रही थीं, तभी कुछ अज्ञात महिलाएं ई-रिक्शा में बैठ गईं। महिला यात्रियों का ध्यान भटकाकर उन्होंने पलक झपकते ही गले में पहने चैन निकाल लिए।
गिरफ्तारी के दौरान, पुलिस ने महिलाओं के कब्जे से 48,520 रुपए नकद बरामद किए। पूछताछ में चारों महिला आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया और बताया कि वे नागपुर की रहने वाली हैं। ये महिलाएं ऑटो और ई-रिक्शा में बैठकर दिनदहाड़े यात्रियों के पैर दबाकर या उलझाकर उनके आभूषण और नकदी चोरी करती थीं।
पुलिस ने बताया कि चोरी किए गए सामान को ये महिलाएं आधे-पौने दाम में बेच देती थीं। चारों महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया और उन्हें जेल भेज दिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि इस मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये महिला चोरिनियां बांदा के अलावा किन-किन जिलों में इसी तरह की टप्पेबाजी/चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुकी हैं।
Share this content:
