भारत में वर्ल्ड कप से पहले न्यूजीलैंड महिला टीम का बड़ा फैसला, पहली बार विदेश में लगाया ट्रेनिंग कैंप
महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 से पहले न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम ने भारत में एक अहम कदम उठाया है। टीम ने पहली बार विदेश में ट्रेनिंग कैंप आयोजित किया है, जो चेन्नई स्थित CSK एकेडमी में हो रहा है। यह कैंप पूरी तरह से भारतीय स्पिन पिचों के अनुकूल परिस्थितियों में खिलाड़ियों को तैयार करने पर केंद्रित है। टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड अपना पहला मुकाबला 1 अक्टूबर को खेलेगी।
न्यूजीलैंड महिला टीम के कोच बेन सॉयर ने बताया कि यह टीम का पहला विदेशी ट्रेनिंग कैंप है और इसके लिए समय बिल्कुल सही चुना गया है। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड में इस समय सर्दी का मौसम है और क्रिकेट गतिविधियां नहीं हो रही हैं, ऐसे में भारत में कैंप लगाना खिलाड़ियों के लिए बेहद लाभकारी है। इस कैंप में 7 कॉन्ट्रेक्ट प्लेयर्स और 3 अन्य उभरते खिलाड़ी शामिल किए गए हैं, जो भविष्य में भारत में और भी क्रिकेट खेलने का अनुभव हासिल करेंगे।
कैंप में शामिल प्रमुख खिलाड़ियों में ऑलराउंडर जेस केर, सलामी बल्लेबाज जॉर्जिया प्लिमर और ब्रुक हॉलिडे का नाम है। वहीं उभरते खिलाड़ियों में इजी शार्प, फ्लोरा डेवोनशायर और एम्मा मैकलियोड को मौका दिया गया है। दो सप्ताह के इस प्रशिक्षण सत्र के बाद टीम न्यूजीलैंड लौटेगी, जिसके बाद उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ दुबई में वनडे मैच खेलने हैं।
कोच बेन सॉयर ने आगे बताया कि इस ट्रेनिंग कैंप से खिलाड़ियों को विश्व कप के लिए भारतीय परिस्थितियों में ढलने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप से पहले टीम को दो अभ्यास मैच और करीब सात-आठ मुकाबले ऐसी ही पिचों पर खेलने को मिलेंगे, जो उनकी तैयारी को मजबूत करेंगे। उनके मुताबिक, यह अनुभव टीम के लिए आने वाले टूर्नामेंट में अहम भूमिका निभाएगा।
आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 की मेजबानी भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से कर रहे हैं। इस टूर्नामेंट में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी — भारत, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, बांग्लादेश और पाकिस्तान। सभी टीमों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं और अब न्यूजीलैंड का यह कदम बाकी टीमों के लिए भी एक रणनीतिक संदेश माना जा रहा है।
Share this content:
