1600 मीटर दौड़ में बांग्लादेश के कई स्टार प्लेयर्स की पोल खुली, नाहिद राणा ने सबसे तेज प्रदर्शन किया
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने फिटनेस टेस्ट के नए मानदंड लागू किए हैं, जिसमें 1600 मीटर दौड़ और 40 मीटर स्प्रिंट को शामिल किया गया है। नए स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग कोच नाथन कीली के निर्देशन में यह टेस्ट लिया गया। इस दौरान कई बड़े खिलाड़ी अपनी फिटनेस के मामले में उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए। खासतौर पर 1600 मीटर दौड़ में कुछ नामी खिलाड़ी निराश कर गए।
नाहिद राणा ने 22 खिलाड़ियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 1600 मीटर दौड़ 5 मिनट 31 सेकंड में पूरी की और पहले स्थान पर रहे। वहीं मेहदी हसन मिराज ने दूसरे स्थान पर जगह बनाई, उन्होंने यह दूरी 6 मिनट 1 सेकंड में पूरी की। इस दौड़ में वनडे और टी20 से संन्यास ले चुके मुश्फिकुर रहीम ने 6 मिनट 10 सेकंड का समय लगाया और तीसरे स्थान पर रहे।
दूसरे बैच में तन्जीम हसन साकिब ने भी बेहतर प्रदर्शन किया और 5 मिनट 53 सेकंड में दौड़ पूरी की। वहीं, मुस्तफिजुर रहमान, तस्कीन अहमद, तनवीर इस्लाम और शमीम पटवारी जैसे खिलाड़ी 1600 मीटर दौड़ में लगभग 8 मिनट लेकर फेल हो गए, जिससे उनकी फिटनेस पर सवाल खड़े हो गए।
फिटनेस टेस्ट में कुल 25 खिलाड़ी शामिल थे, लेकिन छह खिलाड़ी इसमें हिस्सा नहीं ले पाए। इनमें टी20 कप्तान लिटन कुमार दास और तौहीद हृदय शामिल हैं, जबकि चार खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गए बांग्लादेश-ए टीम के सदस्य थे।
बांग्लादेश क्रिकेट टीम को नीदरलैंड के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है और उसके बाद यूएई में आयोजित होने वाले एशिया कप 2025 में हिस्सा लेना है। इस तैयारी के तहत चल रहे फिटनेस कैंप में खिलाड़ी अपनी क्षमता और स्किल को बेहतर बनाने पर काम कर रहे हैं।
Share this content:
