May 4, 2026

दूल्हे को कमरे में किया बंद, फिर बालकनी से कूदी दुल्हन — जोधपुर में लुटेरी दुल्हन का चौंकाने वाला खुलासा

राजस्थान के जोधपुर में शादी के दो दिन बाद एक नई नवेली दुल्हन ने जो ड्रामा किया, उससे पुलिस से लेकर दूल्हे के परिवार तक सब हैरान रह गए। सुहागरात के बाद दुल्हन ने दूल्हे को कमरे में बंद कर दिया और भागने के लिए बालकनी से छलांग लगा दी, जिससे उसके दोनों पैर टूट गए। इसके बाद अस्पताल में जो राज खुला, उसने इस मामले को पूरी तरह पलट दिया।

पूरा मामला बनाड़ थाना क्षेत्र का है, जहां भरत नाम के युवक ने शादी के नाम पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। भरत ने बताया कि उसकी शादी बिहार की रहने वाली 23 वर्षीय सुमन पाण्डेय से करवाई गई थी। शादी का सौदा 3 लाख रुपये में तय हुआ था, जिसमें से 1.7 लाख कैश और बाकी रकम ऑनलाइन ट्रांसफर की गई। शादी आर्य समाज मंदिर में हुई। दो दिन बाद ही भरत को सुमन के असली इरादों का पता चला।

भरत के अनुसार, जब उसने सुमन की असलियत पर सवाल उठाए, तो दुल्हन ने उसे कमरे में बंद कर दिया और साड़ी से रस्सी बनाकर बालकनी से भागने की कोशिश की। जैसे ही वह नीचे कूदी, उसके दोनों पैर टूट गए। मौके पर खड़े उसके साथी संदीप और रवि उसे लेने आए थे, लेकिन शोर मचने पर वे भाग गए और सुमन को घरवालों ने पकड़ लिया।

अस्पताल में भर्ती सुमन की असलियत तब सामने आई जब उसने बार-बार अपने पिता का नाम बदलना शुरू किया। पुलिस जांच में पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है और शादी के कागजों में खुद को कुंवारी बता रही थी। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि सुमन एक गिरोह का हिस्सा है, जो शादी के नाम पर भोलेभाले युवकों से धोखाधड़ी करता है।

फिलहाल सुमन अस्पताल में भर्ती है और बाकी पांच आरोपी — संदीप शर्मा (कौशांबी), रवि और रूबी देवी (डालमियानगर, बिहार), नंद किशोर सोनी और जितेंद्र सोनी (जोधपुर) की तलाश जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क की तह तक जाने की कोशिश कर रही है, ताकि शादी के नाम पर चल रहे इस फ्रॉड गैंग पर लगाम लगाई जा सके।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!